'केंद्र में प्रचार करने वाली पार्टी की सरकार'- ललन सिंह का प्रधानमंत्री मोदी पर हमला, पूछा- कहां बेचते थे चाय



जागरण संवाददाता, लखीसराय। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष सह मुंगेर के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह शुक्रवार को केंद्र सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि केंद्र में काम नहीं प्रचार करने वाली पार्टी की सरकार है। इस सरकार एवं इससे जुड़े नेताओं से सावधान रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि सिर्फ भावनात्मक बातें फैलाकर एवं बयानबाजी करके विकास नहीं किया जा सकता है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बताएं कि वे गुजरात के किस स्टेशन पर चाय बेचा करते थे। सिर्फ जुमले और भावनात्मक बातें करके जनता को नहीं ठगा जा सकता है।

उन्होंने कहा कि बिहार ने हर समय देश का आइना दिखाने का काम किया है। आज भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सभी वर्ग के लिए और सभी क्षेत्र का विकास किया जा रहा है। नीतीश जी की कई योजनाओं को बाद में केंद्र सरकार के अलावा कई राज्य सरकारों ने भी अपने यहां लागू किया है।
सांसद ललन सिंह अपने संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत लखीसराय के चानन में किऊल नदी पर आसीसी पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास कर रहे थे। कई गांवों में उन्होंने जनसंवाद कार्यक्रम भी किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि नीतीश जी ने महिलाओं काे सशक्त किया है। 2005 में महिलाओं के लिए पंचायती राज में आरक्षण दिया। नौकरी में आरक्षण दिया।
Lakhisarai: पटखनी खाते ही पहलवान के निकले प्राण, वसंत पंचमी के मौके पर हो रहा था दंगल, आयोजक-रेफरी फरार यह भी पढ़ें
सिंह ने कहा कि आज पूरे भारत में बिहार में सबसे अधिक महिलाएं पुलिस सेवा में हैं। साइकिल, पोशाक, हर घर बिजली कनेक्शन, हर घर नल का जल सहित कई योजनाएं बिहार ने अपने यहां लागू कीं और बाद में केंद्र ने भी अपनाया। ललन सिंह ने कहा कि सामाजिक सद्भाव, सांप्रदायिक माहौल को बिहार में बिगड़ने नहीं दिया जाएगा। यहां महागठबंधन मजबूत है। बिहार के विकास के मुद्दे पर वे झुकने वाले नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार के स्वाभिमान और सम्मान से कभी समझौता नहीं होगा। अति पिछड़े वर्ग के लोगों को अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी दी है। केंद्र सरकार बताए कि रोजगार एवं महंगाई के मुद्दे पर सत्ता पाने के बाद उसने इसके लिए क्या किया है। 2014 में मोदी सरकार गठन के बाद 10 से 15 लाख रुपये खाते में देने, दो करोड़ सालाना नौकरी देने का वादा किया, लेकिन सिर्फ प्रचार तंत्र का विस्तार हुआ। इसलिए ऐसे लोगों से आने वाले दिनों में सावधान रहने की जरूरत है।

अन्य समाचार