जमुई: भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस पर हमला, एक महिला सिपाही घायल, दो नामजद समेत 10 अज्ञात पर मामला दर्ज



जागरण संवाददाता, जमुई। झाझा थाना के महापुर गांव में भूमि विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इससे एक महिला सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस बल के समय पर पहुंचने से महिला सिपाही को बचाया गया। उसके गले और चेहरे पर चोटें आई हैं। घटना के बाद डायल 112 टीम के पुलिस पदाधिकारी एसआई विजय कुमार ने दो नामजद समेत 10 अज्ञात पर मामला दर्ज कराया है।
जानकारी के अनुसार, महापुर गांव के घुटर यादव की पत्नी सुगनी देवी ने रात में आपने मोबाइल से 112 पर डायल कर सूचना दी कि मेरी जमीन को गांव के कुछ लोग जबरन घेर रहे हैं। हेडक्वार्टर से डायल 112 के पदाधिकारी विजय कुमार को सूचना दी गई। पूरी टीम रात के 11 बजे महापुर गांव के सुगनी देवी के पास पहुंची और घटना की जानकारी ली।

सुगनी देवी पुलिस टीम को घटनास्थल के समीप ले जाने लगी। उसी दौरान 8 से 10 की संख्या में महिलाएं पुलिस बल के साथ गाली-गलौज करने लगीं। महिला सिपाही आभा कुमारी के साथ मारपीट की। इससे महिला सिपाही के गले और चेहरे पर चोटें आईं। बहुत देर तक महिला सिपाही के गले को दबाए रखा गया। किसी तरह पुलिस पदाधिकारी ने महिला सिपाही को आक्रोशित महिलाओं से बचाया।
इस दौरान डायल 112 की गाड़ी को घेर लिया गया। वाहन के आगे दो से तीन महिलाएं सो गईं और आगे बढ़ने नहीं दिया। पुलिस पदाधिकारियों ने इसकी सूचना झाझा थाना के थानाध्यक्ष राजेश शरण को दी। थानाध्यक्ष दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और बंधक पुलिसवालों को छुड़ाया। इस मामले में एसआई विजय कुमार ने सोहजना गांव के चंद्रदेव यादव की पत्नी सुनीता देवी एवं सोनो के कालेश्वर यादव की पत्नी मंजू देवी सहित 10 अज्ञात पर मामला दर्ज कराया है।
Bihar: जमुई के सपूत को शौर्य चक्र, CRPF के डिप्टी कमांडेंट ने 15 लाख के इनामी कुख्यात नक्सली को किया था ढेर यह भी पढ़ें
घायल महिला सिपाही का इलाज रेफरल अस्पताल में किया गया। वह खतरे से बाहर है। एसडीपीओ रवि शंकर प्रसाद एवं थानाध्यक्ष राजेश शरण ने मामले की जांच प्रारंभ करते हुए आरोपित महिलाओं की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, जिस जमीन के लिए 112 पर डायल कर पुलिस को बुलाया गया। उक्त भूमि को लेकर वर्षों पहले एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस टीम को जिस महिला ने फोन करके बुलाया था, वह उस हत्या के मामले में जेल जा चुकी है। हाल ही में वह जेल से रिहा हुई है। साथ ही महिला के पति घुटर यादव हत्या के उसी मामले में अभी भी फरार है।
'किराएदार नहीं बन सकता हिस्सेदार', अशोक चौधरी का उपेंद्र पर हमला; बोले- उनके आने-जाने से हमें फर्क नहीं पड़ता यह भी पढ़ें
पुलिस बल पर जिस जगह हमला हुआ, वह मृतक मनोज यादव का घर था। बताया जाता है कि आरोपित लोगों ने एक षड्यंत्र के तहत पुलिस को बुलाकर हमला किया। ताकि जिस व्यक्ति से जमीन को लेकर विवाद है उसे इस मामले में फंसाया जा सके। हालांकि पुलिस अभी इस मामले में कुछ नहीं बता रही है।

अन्य समाचार