शेखपुरा: अधेड़ की सीने में गोली मारकर हत्या, बचाने गए भाइयों को भी किया घायल, आरोपी फरार




जागरण संवाददाता, शेखपुरा। सदर प्रखंड और कोरमा थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर गोली मारकर अधेड़ की हत्या कर दी गई। वारदात के दौरान मृतक के दो भाई भी घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
जानकारी के अनुसार, पुरैना गांव में शनिवार को गोधूली बेला में गोली मारकर 55 वर्षीय अधेड़ अदालत यादव की हत्या कर दी गई। इसी घटना में मृतक के भाई बिलास यादव तथा श्यामदेव यादव घायल हो गए, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना फोन से कोरमा थाने को दी गई।

थानाध्यक्ष नीतीश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अस्पताल के चिकित्सक ने बताया कि घायलों को अस्पताल लाया गया था। इस दौरान अदालत यादव की मौत हो चुकी थी। उनके सीने में गोली लगी थी।
स्वजन ने बताया कि पड़ोस में रहने वाले देवन यादव से रास्ते और नली को लेकर पुराना विवाद है। एक वर्ष पूर्व भी विवाद हुआ था। शनिवार को शाम से कुछ पहले अदालत यादव अपने घर से निकलकर गली में जा रहे थे, तभी देवन यादव और उसके साथियों ने बिना किसी वाद-विवाद के अदालत यादव को गोली मार दी।
शेखपुरा: नगर परिषद की मुख्य पार्षद रश्मि कुमारी के खिलाफ FIR, फर्जी जाति प्रमाणपत्र से चुनाव जीतने का आरोप यह भी पढ़ें
गोली की आवाज सुनकर दूसरे भाई बिलास और श्यामदेव घर से बाहर दौड़े तो बिलास को भी गोली मार दी तथा श्यामदेव पर रायफल के कुंदे से प्रहार करके घायल कर दिया। पुलिस ने बताया कि स्वजन द्वारा अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। प्राथमिकी के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में इस तरह हुई दिन-दहाड़े हत्या के बाद तनाव बढ़ने की आशंका है।

अन्य समाचार