बिहार की होनहार बिटिया: 72 घंटे के लिए रोपहथा पंचायत की प्रधान बनेगी कक्षा 9 की काजल, इन समस्याओं को सुलझाएगी



जागरण संवाददाता, सासाराम (रोहतास)। अभिनेता अनिल कपूर को पत्रकार से एक दिन का मुख्यमंत्री बनते हुए आपने रुपहले पर्दे पर ही देखा होगा। फिल्म थी नायक। ठीक उसी प्रकार जिले के हथिनी पंचायत अंतर्गत रूपहथा गांव की रहने वाली नौंवी की छात्रा काजल कुमारी तीन दिनों के लिए अपनी पंचायत के प्रधान की कुर्सी संभालेंगी। वर्तमान मुखिया की सहमति व ग्रामीणों के समर्थन के बाद यह फैसला लिया गया है।
सोमवार से बुधवार तक काजल पंचायत से जुड़ी गतिविधियों और विकास कार्यों से रूबरू होंगी। पंचायत में ग्राम सभा भी आयोजित होगी और उस दौरान विकास योजना का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया जाएगा। काजल की कैबिनेट का गठन भी कर लिया गया है, जिसमें उसके साथ पढ़ने वाले अन्य छात्र-छात्राओं को शामिल किया गया है।


काजल उक्त पंचायत के उच्चतर उत्क्रमित उच्च विद्यालय की छात्रा हैं। पंचायत के मुखिया दयानंद सिंह ने बताया कि उनकी पहल पर गणतंत्र दिवस के लिए 25 जनवरी को विद्यालय में प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। इसमें पंचायत के कई छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा में सफल होने को लेकर पुरस्कार के रूप में यह तय किया गया कि जो भी अव्वल आएगा उसे तीन दिन के लिए पंचायत का मुखिया नामित किया जाएगा। काजल कुमारी ने सबसे अधिक नंबर हासिल किए, इसी वजह से उसे पंचायत प्रधान बनाया गया है।
रोहतास: रेलवे प्लेटफार्म पर महिला के पर्स से मिली बिना मैगजीन की पिस्टल, परिवार के पांच सदस्यों समेत गिरफ्तार यह भी पढ़ें


काजल कुमारी को पंचायत मुखिया तीन दिनों के लिए अपना वाहन तथा चालक भी उपलब्ध कराएंगे, ताकि वह पंचायत के विभिन्न गांव में घूमकर सरकारी योजनाओं की जांच कर सके। काजल कहती हैं कि जब उसे तीन दिनों के लिए मुखिया बनाने का फैसला लिया गया तो वह काफी खुश हुई। पंचायत की जो मूल समस्याएं हैं, वह उसे दूर करने की कोशिश करेगी। खासकर प्रदूषण, गंदगी तथा विद्यालय में छात्र-छात्राओं तथा शिक्षकों की उपस्थिति पर ध्यान देगी।



मुखिया बनने के लिए पढ़े-लिखे और युवा वर्ग आगे आए, इसके लिए पंचायत ने यह निर्णय लिया है। खासकर महिलाएं पंचायत प्रतिनिधि के रूप में स्वयं निर्णय लें तथा वे रबर स्टांप नहीं बनें। छात्रा काजल अपने कामकाज से कई प्रतिनिधियों का मार्ग प्रशस्त करेगी। - दयानंद सिंह, मुखिया, रोपहथा पंचायत- प्रखंड नोखा, रोहतास

अन्य समाचार