तीन दिन के लिए मुखिया बनीं काजल ने अपने स्कूल के प्रिसिंपल की लगाई क्लास, निरीक्षण के दौरान गिनवाईं खामियां



सासाराम (रोहतास), जागरण संवाददाता। रोहतास जिले के नोखा प्रखंड के हथिनी पंचायत अंतर्गत रूपहथा गांव की रहने वाली नौंवी की छात्रा काजल कुमारी सोमवार से तीन दिनों के लिए अपने पंचायत के प्रधान की कुर्सी संभालते ही पूरे एक्शन में हैं। बुधवार तक काजल पंचायत से जुडी गतिविधियों व विकास कार्यों से रूबरू होंगी। पहले दिन सुबह दस बजे निर्धारित समय के मुताबिक ग्राम सभा आयोजित की गई। इस दौरान 14 वार्ड के सभी सदस्य उपस्थित हुए। सभी अपनी योजनाओं का प्रस्ताव मुखिया काजल को सौंपा। इसके बाद निरीक्षण के लिए 11. 10 में रूपहथा मध्य विद्यालय पहुंची जहां प्रभारी प्रधानाध्यापक मीना कुमारी ही अनुपस्थित मिलीं। विद्यालय में निरीक्षण की सूचना पर भागते हुए मीना कुमारी 11.53 में विद्यालय पहुंची।

मुखिया काजल के विद्यालय निरीक्षण में कई खामियां निकल कर सामने आईं। आठ शिक्षकों में तीन ही उपस्थित मिले। दो शिक्षक इंटरमीडिएट परीक्षा ड्यूटी में तथा एक विशेषावकाश में होने की जानकारी शिक्षकों ने मुखिया को दी। बाकी के अनुपस्थिति का स्पष्ट वजह प्रभारी प्रधानाध्यापक भी मुखिया को नहीं दे पाई। इसके अलावा मध्याह्न भोजन योजना में भी मुखिया ने कई गड़बड़ियां पकड़ी। विद्यालय का शौचालय तथा पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश प्रभारी प्रधानाध्यापक को दिया।
Mahatma Gandhi: पुश्तैनी घर और गाय बेचकर स्थापित कराई बापू की प्रतिमा, देश सेवा में पूरा जीवन कर दिया समर्पित यह भी पढ़ें




काजल उक्त पंचायत के उच्चतर उत्क्रमित उच्च विद्यालय की छात्रा हैं। पंचायत के मुखिया दयानंद सिंह ने बताया कि उनकी पहल पर गणतंत्र दिवस के लिए 25 जनवरी को विद्यालय में प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें पंचायत के कई छात्र छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा में सफल होने पर पुरस्कार के रूप में यह तय किया गया कि जो भी अव्वल आएगा उसे तीन दिन के लिए पंचायत का मुखिया नामित किया जाएगा। काजल कुमारी द्वार अधिक नंबर लाए जाने पर उन्हें सोमवार से तीन दिनों के लिए पंचायत प्रधान बनाया गया है।


अन्य समाचार