किसान पंचायत में बरसे पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह, बोले- बिहार सरकार के अधिकारी ही करा रहे हैं खाद की तस्करी



कुंडवाचैनपुर, संवाद सहयोगी। पूर्वी चंपारण के ढाका प्रखंड के गोरगावा के झंडा मैदान में रविवार को आयोजित किसान पंचायत में सूबे के पूर्व कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने बिहार सरकार पर जमकर हमला बोला। कहा- राज्य सरकार के अधिकारी खाद की तस्करी करा रहे हैं। राज्य सरकार माफियाओं से मिली हुई है। यहां की खाद नेपाल चली जाती है। यहां किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पाती है।
उन्होंने कहा कि सरकार में ऐसे निकम्मे लोग बैठे हैं, जिनके कारण सूबे के चार करोड़ नौजवान रोजगार के लिए रोजी रोटी के लिए बिहार से बाहर अन्य राज्यों में पलायन कर गए। नीतीश कुमार की सरकार बनते ही किसानों से मंडी छीन ली गई। ऐसे में किसान कैसे खुशहाल होगा। झांसा देने वाले लोग नसीहत दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि झांसे में नहीं आना है। बिहार में सड़क नाम की कोई चीज नहीं है। विकास की लड़ाई पटना से चलकर गांव पहुंचते-पहुंचते गुम हो जाती है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को अब नौजवानों के हाथ में सत्ता सौंप देनी चाहिए। नीतीश कुमार बिहार के लोगों की आंखों में धूल झोंकने का काम करते हैं। नीतीश के लोगों ने मंडी कानून खत्म कर दिया। शिक्षा का भी बुरा हाल है। विद्यालय में शिक्षक पढ़ाते नहीं हैं। कई जगह भवन ही नहीं है।
Bihar: पूर्वी चंपारण में दूसरे दिन भी NIA की छापेमारी जारी, कई थानों की पुलिस भी साथ; हिरासत में पांच संदिग्ध यह भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि किसानों के विकास के बिना राज्य और देश का विकास संभव नहीं है। चाहे किसी भी दल का नेता एमपी या एमएलए हो विधानसभा और लोकसभा में किसानों के हित में कितना आवाज उठाते हैं? यह पूछना आप सभी की जिम्मेदारी है। तभी कुछ हो सकता है। मौके पर किसानों से पूर्व कृषि मंत्री ने संवाद भी किया। उनकी समस्या को विस्तार से जानने का प्रयास किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता शंभू सिंह तथा मंच संचालन राजेश कुमार ने किया। मौके पर संजीव कुमार, अजीत कुमार, बसंत सिंह, सुबोध ठाकुर, प्रमोद सिंह,चंदन कुमार, बबलू कुमार, चन्द्र देव पासवान, एकरामुल हक, रामबाबू सिंह, रामचंद्र सिंह आदि उपस्थित रहे। अंत में पूर्व मंत्री ने किसानों की समस्या को सुनने के लिए किसान पंचायत का आयोजन कराने के लिए आयोजक अजीत कुमार का आभार प्रकट किया।

अन्य समाचार