चिराग पासवान का नीतीश पर तंज, बोले- नेताओं के नहीं, आम बिहारियों के घर सड़क पहुंचाने की चिंता करें



जागरण संवाददाता, खगड़िया। जमुई सांसद चिराग पासवान रविवार को खगड़िया पहुंचे। यहां चिराग पासवान ने कहा कि आइएएस अधिकारी केके पाठक को बर्खास्त कर देना चाहिए। पत्रकारों से बात करते हुए चिराग ने नीतीश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने नीतीश कुमार पर बिहार और बिहारियों को बदनाम करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। मुख्यमंत्री की समाधान यात्रा पर भी तंज कसते हुए पूछा कि बिहार में आए दिन अपराध हो रहा है, इसे रोकने का कोई समाधान है मुख्यमंत्री के पास?

लोजपा (रामविलास) के नेता और जमुई सांसद चिराग पासवान ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि क्या किसानों की समस्या और पेपर लीक प्रकरण का समाधान हुआ। उनसे समस्या के समाधान की उम्मीद रखना अब ठीक नहीं है। बीते दिनों अलौली में समाधान यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा स्मृति शेष पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के घर तक सड़क बनाए जाने की बात पर चिराग ने तंज कसते हुए कहा कि उनका धन्यवाद।

चिराग ने कहा कि उन्होंने अपनी जेब के पैसे से सड़क नहीं बनवाई। साथ ही उन्होंने कहा कि किसी नेता के घर तक सड़क बनाने की चिंता के पहले आम बिहारी के घर तक सड़क बनवाने की चिंता करें। नेता के नाम गिनाने के बदले बिहारियों के घर के नाम बताएं। इनके घर तक सड़क बनाते तो बेहतर होता।
बता दें कि पिछले दिनों समाधान यात्रा के क्रम में खगड़िया पहुंचे मुख्यमंत्री ने कहा था कि रामविलास पासवान के घर तो उन्होंने ही सड़क बनवाई थी। चिराग ने अडाणी प्रकरण को लेकर कहा कि यह जांच का विषय है। उन्होंने खगड़िया पहुंचकर डा. रामनाथ अघोरी पार्क स्थित स्मृति शेष पूर्व विधायक और समाजवादी नेता राम बहादुर आजाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। रविवार को पूर्व विधायक राम बहादुर आजाद की 89वीं जयंती थी। इस मौके पर लोजपा के खगड़िया जिलाध्यक्ष शिवराज यादव, डा. रेणु कुशवाहा आदि मौजूद थे।

अन्य समाचार