चिराग बोले- नागालैंड की तरह बिहार जदयू में भी जल्द मचेगी भगदड़, मुख्यमंत्री की समाधान यात्रा को दिखावा बताया



संवाद सहयोगी, जमुई। मुख्यमंत्री के आगमन से एक दिन पूर्व जमुई पहुंचकर सांसद चिराग पासवान ने यहां का राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है। चिराग ने समाधान यात्रा पर सवाल खड़ा किया और इसे महज दिखावा बताया। साथ ही कहा कि नागालैंड की तरह बिहार जदयू में भी जल्द ही भगदड़ मचेगी और कई नेता लोजपा का दामन थाम लेंगे। सांसद शुक्रवार को परिसदन में प्रेसवार्ता कर रहे थे।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बिहार अपराध और समस्याओं के मकड़जाल में उलझा है। उसके समाधान की ओर मुख्यमंत्री का कोई ध्यान ही नहीं है। प्रदेश जातीय हिंसा में जल रहा है। सवालिया लहजे में कहा कि छपरा, आरा और मधुबनी की घटना में पीड़ित परिवार का समाधान मुख्यमंत्री क्यों नहीं करते?

उन्होंने कहा कि किसानों के समक्ष खाद और बीज की समस्या बनी रहती है। बेरोजगारी और पलायन बिहार के लिए कोढ़ बन चुका है। इसके बावजूद बिहार में विकास का दंभ भरे फिर रहे हैं। उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा के बयान को उद्धृत करते हुए कहा कि राजद के साथ सरकार बनाने में कोई डील हुई है तो उसे मुख्यमंत्री को सार्वजनिक करना चाहिए।
साथ ही कहा कि डील के आधार पर बनी सरकार टिकाऊ नहीं होती है। लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय बजट को जनहितकारी बताते हुए बजट और केंद्र सरकार की खूब तारीफ की। उन्होंने बजट में जमुई को मिली रेलवे की सौगात के लिए प्रधानमंत्री, वित्त मंत्री और रेल मंत्री के प्रति आभार भी जताया।
Jamui: जमीन विवाद में दो पक्षों में चली कई राउंड गोलियां, लाठी-डंडे और तलवार से भी हमला, छह से अधिक घायल यह भी पढ़ें
साथ ही कहा कि झाझा बटिया 20 किलोमीटर रेल लाइन परियोजना से उस पिछड़े इलाके में विकास की गति तेज होगी। इसके अलावा जमुई और सिमुलतला स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल करना पर्यटन उद्योग को बढ़ावा देने में अहम होगा। क्षेत्र बदले जाने की चर्चा से संबंधित सवाल पर उन्होंने कहा कि सवाल ही नहीं उठता है। जवान होकर यहां आया था, वृद्ध होकर यहां से जाऊंगा।
इस अवसर पर पार्टी के संसदीय बोर्ड अध्यक्ष हुलास पांडेय, प्रधान महासचिव संजय पासवान, जिलाध्यक्ष जीवन सिंह, तारापुर विधानसभा पूर्व प्रत्याशी चंदन सिंह, लोजपा आर के नेता सुभाष पासवान, राष्ट्रदीप सिंह, प्रदेश महासचिव रिंकू सिंह, संगीता पासवान, शिबू सिंह, गौतम पासवान, रितिक रोशन के अलावा दर्जन भर नेता कार्यकर्ता मौजूद थे।


अन्य समाचार