नवादा: पकरीबरावां में ट्रैक्टर और ई-रिक्शा में टक्कर, आधा दर्जन लोग घायल, तीन गंभीर हालत में रेफर



संवाद सूत्र, पकरीबरावां नवादा। पकरीबरावां प्रखंड मुख्यालय स्थित देवी स्थान के समीप ट्रैक्टर एवं ई-रिक्शा की टक्कर में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों द्वारा आनन-फानन में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां एवं अन्य निजी क्लीनिकों में भर्ती कराया गया है।
घटना शुक्रवार की संध्या करीब आठ बजे की है। जहां पकरीबरावां बाजार की ओर से जा रही ई-रिक्शा में विपरीत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर ने सीधी टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बूंदी रविदास 50 वर्ष, रामरती देवी 70 वर्ष, सावित्री कुमारी 19 वर्ष समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पकरीबरावां में प्राथमिक उपचार के बाद बूंदी रविदास, रामरती देवी एवं सावित्री कुमारी को चिंताजनक स्थिति में पावापुरी बिम्स रेफर कर दिया गया है। घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। तीनों उकौड़ा गांव के बताए जा रहे हैं और पकरीबरावां से घर लौट रहे थे।
इधर, दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर भागने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही पकरीबरावां पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की। अस्पताल पहुंच घायलों के संबंध में जानकारी ली। इधर, दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन में हाहाकार मच गया। लोग घायलों की सलामती के लिए ईश्वर से प्रार्थना कर रहे हैं।
नवादा: पिस्टल लेकर ससुराल आया युवक धराया, हथियार के दम पर साली को साथ ले जाने की थी मंशा, जेल भेजा यह भी पढ़ें

जानकारी के अनुसार, बूंदी के गांव के ही किसी शख्स ने थाने में केस दर्ज कराया था। इसी सिलसिले में परिवार थाने आया था। यहां से ई-रिक्शा से उकौड़ा लौट रहे थे, तभी रास्ते में ही दुर्घटना हो गई।


पकरीबरावां-वारिसलीगंज पथ पर सड़क दुर्घटना की वजह अतिक्रमण बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि देवी स्थान के पास सीमेंट से बनें ह्यूम पाइप एवं मैजिक वाहन को सड़क किनारे रख दिया गया है। इससे वहां पर सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। नतीजतन यह दुर्घटना का कारण बन रहा है। लोगों ने बताया कि कम जगह होने के कारण ही पहले निकलने के चक्कर में टक्कर हुई है। लोगों ने थानाध्यक्ष व अंचलाधिकारी से अतिक्रमण हटाने की मांग की है।
Nawada: वन विभाग की जमीन पर उग्रवादी संगठन कर रहे अफीम की खेती, सरकारी नलों से हो रही सिंचाई पर प्रशासन अनजान यह भी पढ़ें

घटना की जानकारी मिली है, डाक्टर द्वारा सभी को पावापुरी रेफर किया गया है। दोषी ट्रैक्टर व अतिक्रमण करने वालों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। - नीरज कुमार, थानाध्यक्ष पकरीबरावां, नवादा


अन्य समाचार