Samastipur News: बेटी की शादी के दिन बदमाशों ने पिता को मारी गोली, सोए अवस्था में हत्या की कोशिश; हालत गंभीर



समस्तीपुर, जागरण संवाददाता। समस्तीपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद है। जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र के मनियारपुर पंचायत स्थित रामपुर दर्जी टोला में रविवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने शादी वाले घर में दरवाजे पर सो रहे अधेड़ को गोली मारकर जख्मी कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश पैदल ही विपरित दिशा में भाग निकले। फायरिंग की आवाज सुनकर स्वजन की नींद खुली। शोर-शराबे की आवाज से ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। आनन-फानन में जख्मी को उपचार के लिए अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

घटना को लेकर बताया गया कि रामपुर गांव के वार्ड 9 निवासी जमील अख्तर के पुत्र शकील अहमद (56 वर्ष) की बेटी की आज शादी है। दरभंगा से बेटी की बारात आने वाली थी। शनिवार को हल्दी और मेंहदी का रस्म था। घर में सभी नाते-रिश्तेदार आए थे। घर में खुशियां छाई थी। देर रात हल्दी-मेंहदी के रस्म के बाद सभी लोग कमरे में जाकर सो गए। शकील घर के बरामदे पर सो रहे थे। अहले सुबह करीब पांच बजे दरवाजे पर अचानक दो राउंड फायरिंग की आवाज हुई।

फायरिंग की आवाज सुनकर स्वजन घर से बाहर निकले तो देखा कि शकील अपने विस्तर पर लहूलुहान है। उनके दोनों पैर में जख्म के निशान थे। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। जख्मी हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। ग्रामीणों के अनुसार, फायरिंग करने वाले बदमाश वारदात के बाद पैदल ही भाग निकले। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। घटनास्थल से एक खोखा बरामद हुआ। अग्रतर कार्रवाई की जाएगी। 

अन्य समाचार