रिश्ते का कत्ल: सौतेले बेटे ने की महिला की हत्या, विवाद देख दामाद भी भागा; शव के दावेदारों की होती रही तलाश



चेनारी (रोहतास), संवाद सूत्र। संपत्ति की चाह में लोग इतने अंधे हो जा रहे हैं कि अपनों का खून करने से भी नहीं चूकते। ऐसा ही एक मामला रविवार को चेनारी थाना क्षेत्र के तेतरी गांव से सामने आया है। यहां रिश्ते में सौतेले बेटे व पोते ने चाकू घोंपकर एक अधेड़ महिला की हत्या कर दी। घटना के बाद औरों की क्या कहें, आस पड़ोस के लोग भी महिला के साथ हो रही मारपीट व मौत की घटना तक मूकदर्शक बने रहे।

स्थिति यह कि घटना के बाद एक घंटे से अधिक समय तक शव गली में पड़ा रहा, लेकिन कोई पास नहीं भटका। इसका फायदा उठाकर आरोपित घटना को अंजाम देने के बाद आराम से गांव छोड़कर फरार हो गए। थानाध्यक्ष निर्मल कुमार ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस काफी देर तक ग्रामीणों व पड़ोसियों से जानकारी लेने का प्रयास करती रही, लेकिन कोई कुछ बताने को तैयार नहीं था। 
हद तो तब हो गई जब शव को पोस्टमार्टम कराने के लिए मृतका के किसी अपने को ढूंढा गया तो कोई दावेदार नहीं मिला। थक-हारकर चार चौकीदार मिलकर शव को गाड़ी में लाद पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल ले गए।
Rohtas: साली की सगाई में शामिल होने ससुराल आए युवक की हत्या कर कब्रिस्‍तान में दफनाया शव, आरोपित सास गिरफ्तार यह भी पढ़ें
घटना को लेकर बताया जा रहा है कि 55 वर्षीया लक्ष्मीना कुवंर उक्त गांव निवासी स्व. राम नगीना तिवारी की दूसरी पत्नी थीं। उनका मायका थाना क्षेत्र के भरंदुआ गांव में स्व. जवाहर तिवारी के यहां है। राम नगीना तिवारी की पहली पत्नी से एक पुत्र व दूसरी से दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी के बाद से महिला अपनी बेटियों के यहां रहती थीं। रविवार को संपत्ति बंटवारे के लिए उक्त महिला अपने एक दामाद व एक वकील के साथ गांव पहुंचीं थीं।
CM नीतीश के आगमन को लेकर रोहतास में तैयारियां पूरी, विकास कार्यों का जायजा लेने के बाद औरंगाबाद होंगे रवाना यह भी पढ़ें
रविवार दोपहर बाद लगभग डेढ़ बजे महिला को वकील को साथ देखते ही सौतेले बेटे का परिवार गुस्से से आग-बबूला हो गया और मारपीट करने लगा। विवाद उत्पन्न होते ही वकील और दामाद मौके से गायब हो गए। इसी बीच सौतेले बेटे और पोते ने महिला पर चाकू से हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद ग्रामीण भी वहां से हट गए। पुलिस ने खुद ही पोस्टमार्टम कराकर उनके मायके वालों को शव सौंपा। थानाध्यक्ष ने कहा कि आरोपितों की तलाश की जा रही है।

अन्य समाचार