यूपी के इमरान हाशमी को भारी पड़ा वैलेंटाइन डे पर प्यार का इजहार, लड़की की मां की शिकायत पर जाना पड़ा जेल



जासं, बेतिया। बिहार में वैलेंटाइन डे पर जबरन प्यार का इजहार करना उत्तर प्रदेश के एक युवक को महंगा पड़ गया। लड़की के मां की शिकायत पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर नगर पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला नगर के इलमराम चौक का है।
नगर थानाध्यक्ष राजीव कुमार ने बताया कि लड़की की मां की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपित युवक उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले के असंद्रा थाना क्षेत्र के शाहाबाद निवासी है। आरोपी मो. इमरान हाशमी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

लड़की की मां ने बताया कि इमरान हाशमी फिलहाल नगर के जुबैदा कॉलोनी में रहता है। आरोपित उसकी बेटी (दसवीं की छात्रा) को पिछले कुछ दिनों से परेशान कर रहा था। वैलेंटाइन डे के दिन 14 फरवरी की दोपहर तीन बजे लड़की घरेलू सामान खरीदने के लिए बाजार जा रही थी तो आरोपी ने उसे रास्ते में घेर लिया। इसके बाद जबरन प्यार का इजहार करने लगा।
लड़की की मां ने आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी इमरान ने बेटी से कहा था कि मुझसे शादी कर लो, नहीं तो तुम्हें बदनाम कर देंगे। इसके बाद लड़की ने घर आकर इसकी शिकायत अपनी मां से की। तब मां ने नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात आरोपित मो. इमरान हाशमी को गिरफ्तार कर लिया।

अन्य समाचार