रोहतास: गुप्ताधाम से भगवान गुप्तेश्वरनाथ के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु का पैर फिसला, पहाड़ी से गिरकर मौत



संवाद सूत्र, नौहट्टा (रोहतास)। स्थानीय थाना क्षेत्र के कैमूर पहाड़ी की दुर्गम घाटी पहाड़िया घाटी में बुधवार की रात लगभग आठ बजे एक श्रद्धालु की लगभग 60 फीट नीचे गिरने से मौत हो गई। हालांकि, श्रद्धालु की पहचान नहीं हो पाई है।
बताया जाता है कि दुर्गम पहाड़ी गुफा गुप्ताधाम में स्थित भगवान गुप्तेश्वरनाथ के दर्शन कर कुछ श्रद्धालु लौट रहे थे। इसी बीच जब वे पहाड़िया घाटी के पास पहुंचे तो एक श्रद्धालु पैर फिसलने से लगभग 60 फीट नीचे चट्टान पर जा गिरा। इससे उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, पहाड़ी से नीचे गिरे श्रद्धालु के साथ जा रहे अन्य श्रद्धालुओं ने किसी तरह पहाड़ी से उतरकर घटना की सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद ग्रामीण घटना की जानकारी पुलिस को दी।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि गुप्ता धाम से लौटने के क्रम में पहाड़िया घाटी संकरी होने के कारण श्रद्धालु का पैर फिसल गया, जिससे साठ फीट नीचे चट्टान पर गिर गए। ऐसी सूचना मिली है। रात होने के कारण पुलिस शव को घाटी से नहीं निकाल पाई है।

अन्य समाचार