खगड़िया: समस्तीपुर-सहरसा मेमू स्पेशल ट्रेन में इमली स्टेशन के पास लूटपाट, छात्र को मारी गोली



जागरण संवाददाता, खगड़िया। समस्तीपुर से सहरसा को जाने वाली मेमू स्पेशल ट्रेन (नंबर 05276) के यात्रियों से लूटपाट के दौरान अपराधियों ने एक छात्र को पेट में गोली मार दी।
घटना बीते गुरुवार की देर रात करीब 12.30 बजे की है। घटना इमली स्टेशन के पास की बताई गई है। जख्मी छात्र नयन कुमार समस्तीपुर के रोसड़ा थाना अंतर्गत फतेहपुर गांव का रहने वाला है।
वह किशनगंज पालिटेक्निक कालेज का छात्र है। जख्मी के स्वजन ने बताया कि चार अपराधियों द्वारा ट्रेन में लूटपाट की गई। इस दौरान नयन से मोबाइल और नगदी लूटने का प्रयास किया। नयन ने इसका विरोध किया।

इसके बाद अपराधियों ने उसके पेट में गोली मार दी और भाग निकले। अन्य यात्रियों के सहयोग से उसे खगड़िया सदर अस्पताल लाया गया। नयन उक्त ट्रेन से खगड़िया आ रहा था।
खगड़िया से दूसरी ट्रेन पकड़ कर उसे किशनगंज जाना था। अपराधियों के बारे में बताया जा रहा है कि सभी सलौना में उक्त ट्रेन पर सवार हुए थे। जबकि कुछेक यात्रियों के अनुसार अपराधी इमली स्टेशन पर ही चढ़े थे।
अपराधियों की करतूत और गोलीबारी से ट्रेन पर सवार यात्री काफी भयभीत हो गए। इसकी सूचना रात में ही खगड़िया रेल थानाध्यक्ष सुमन कुमार सिंह को मिली।
महाशिवरात्रि विशेष: यह पांडु वृक्ष न बढ़ता है...न सूखता है, पांडवों ने रोपा था ऐतिहासिक महादेव मंदिर में पौधा यह भी पढ़ें
उन्होंने अस्पताल पहुंच जख्मी के बारे में डाक्टरों से बातचीत की। थानाध्यक्ष ने बताया कि डाक्टर ने आरंभिक जांच में जख्मी को खतरे से बाहर बताया है।
घटना में शामिल अपराधियों का पता लगाकर संभावित ठिकानों पर कई थानों की पुलिस के साथ छापेमारी की जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की संख्या चार बताई गई है।

अन्य समाचार