महाशिवरात्रि: अररिया में हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे शिवालय, जलाभिषेक के लिए उमड़े श्रद्धालु



संवाद सूत्र, फारबिसगंज(अररिया)। महाशिवरात्रि के मौके पर फारबिसगंज के शिवालयों में आस्था का जन सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान आशुतोष के दर्शन-पूजन के लिए शिवभक्तों की कतार लगी रही।
कोई जलाभिषेक तो दुग्धाभिषेक कर देवाधि देव भगवान शिव की स्तुति में लगे हुए नजर आए। इस दौरान हर-हर महादेव के उद्घोष से पूरा शहर गुंजायमान होता रहा।
महादेव के दर्शन-पूजन के साथ जलाभिषेक करने के लिए प्रातः से ही शिवालयों में कतार लगी तो देर शाम तक टूटने का नाम नहीं ले रहा था।

घंटों इंतजार बाद महिलाएं कतारबद्ध होकर दर्शन के लिए पहुंच रही थीं। महिला, पुरुष एवं छोटे बच्चों के अलावा बड़ी संख्या में युवक एवं युवतियां महादेव के दरबार पहुंचकर पूजन-अर्चन करते हुए नजर आए।
शिव भक्तों ने मंदार पुष्प, धतूर, बैर, बिल्व पत्र, दुर्वा, भांग के अलावा पकवान और मिठाई अर्पित कर सुख- समृद्धि की कामना की। शहर के बड़ा शिवालय मंदिर में महादेव के दर्शन को भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा।
अररिया: बिजली के शार्ट सर्किट की वजह से लगी आग, पांच घर का सामान जलकर राख, दो भैंस भी झुलसीं यह भी पढ़ें
महाशिवरात्रि को लेकर मंदिर को फूलों की माला से आकर्षक रूप दिया गया है। मंदिर परिसर में चारों ओर रंग बिरंगे फूल लगाए गए थे।
जिसकी खुशबू भक्तों में अलख जगा रही थी। मंदिरों में आस्था का समंदर उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने उपवास रखकर महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया।
वहीं, शहर के अन्य मंदिर क्रमशः सुल्तान पोखर शिव मंदिर, काली मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर, रेलवे स्टेशन शिव मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर स्थित शिव मंदिर, बगीचा चौक स्थित भोलेनाथ मंदिर में श्रद्धालु पूजा करते नजर आए।

बड़ा शिवालय मंदिर की व्यवस्था में पार्षद प्रतिनिधि सुनील यादव, मुकेश जायसवाल, आशुतोष परासर, विवेक कुमार, आलोक भारती, कुमार शानू, गौरव राठौर, अंशु राज आदि लगे रहे।
इसके अलावा ग्रामीण इलाकों के मठ-मंदिरों में भी भक्त बड़ी संख्या में पहुंच कर बाबा के दरबार में अपनी हाजरी लगाते दिखे।
इधर, मंदिरों में भीड़ अधिक होने के कारण पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई थी। मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात नजर आए।

अन्य समाचार