सीतामढ़ी में युवक की मौत पर बवाल, मामला सुलझाने गई पुलिस पर पथराव, वाहनों के शीशे तोड़े; तीन पुलिसकर्मी घायल



पुपरी (सीतामढ़ी), संवाद सहयोगी। सीतामढ़ी जिले के पुपरी थाना क्षेत्र की भिट्ठाधर्मपुर पंचायत के भिट्ठा गांव में एक युवक की संदिग्ध स्थिति मौत से आक्रोशित लोगों ने शनिवार को पुपरी-चोरौत पथ को भिट्ठा चौक के पास सुबह नौ से दोपहर 12 बजे तक शव के साथ जाम कर दिया। इस दौरान जमकर बवाल काटा। जाम हटाने के दौरान पुलिस-पब्लिक के बीच झड़प हो गई। गांव पुलिस छाबनी में तब्दील हो गया। पुलिस ने लोगों को खदेड़ा और बल प्रयोग किया तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। इसमें तीन पुलिसकर्मी समेत कई ग्रामीण चोटिल हो गए। तीनों पुलिसकर्मियों का पीएचसी में इलाज कराया गया। इसमें कृष्ण प्रसाद सिंह, उमेश कुमार सिंह, पुलिस वाहन का चालक राम प्रताप सहनी शामिल हैं। वहीं चोटिल लोगों का निजी स्तर पर अन्यत्र इलाज हुआ। पथराव में पुलिस के कई वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।

सड़क जाम में पुरुषों की अपेक्षा महिलाओं की अधिक भीड़ रही। महिलाओं को ढाल बनाकर ग्रामीणों ने जाम के दौरान जमकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप था कि महेश की हत्या हुई। लोग उसकी भाभी को हत्या के लिए जिम्मेवार ठहरा रहे थे। वे आन स्पाट न्याय करना चाह रहे थे। पुलिस पर तरह-तरह का आरोप लगा युवक की भाभी को भीड़ के हवाले करने की मांग कर रहे थे। पुलिस भीड़ के मूड को भांप किसी तरह मामले को शांत कराने के लिए काफी देर तक वेट एंड वाच करती रही। अधिकारियों ने भीड़ को काफी समझाने का प्रयास किया। मगर लोग जिद पर अड़े रहे। जाम की सूचना पर थानाध्यक्ष रामविनय पासवान पहुंचे तो आक्रोश का सामना करना पड़ा। थानाध्यक्ष ने आलाधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद एसडीएम नवीन कुमार व डीएसपी विनोद कुमार भी पहुंचे।

ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की तो मामला बिगड़ गया। तब काफी संख्या में पुलिस को बुला लिया गया। यह देख लोग उग्र होने लगे। मामला बिगड़ते देख पुलिस ने खदेड़ना शुरू कर दिया। पुलिस के बल प्रयोग करने पर ग्रामीणों ने पथराव शुरू कर दिया। हालांकि, पुलिस के कड़े रुख के बाद सभी भागने लगे। कई लोग घरों में कैद हो गए। इस मामले में युवक की भाभी समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। तीनों से थाने में पूछताछ की जारी है। गांव में पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुपरी डीएसपी विनोद कुमार ने कहा कि तीन पुलिसकर्मी आंशिक रूप से चोटिल हुए। मामले की जांच की जा रही है। अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं कराई गई है। घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है ॉ

भिट्ठा गांव में गुरुवार की रात छत पर सोने गए श्री सहनी के पुत्र महेश सहनी (20) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। शुक्रवार सुबह स्वजन छत पर गए तो महेश को मृत पाया। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहां से शव आते ही ग्रामीण आक्रोशित हो गए। इसके बाद माहौल बिगड़ गया।

अन्य समाचार