Sheohar: जाप नेता सुबोध राय हत्याकांड का आरोपी धीरेंद्र दिल्ली से गिरफ्तार, कई संगीन मामलों में चल रहा था फरार



जागरण संवाददाता, शिवहर: एसपी द्वारा गठित टीम ने दिल्ली में छापेमारी कर हत्या और रंगदारी समेत कई संगीन मामलों के आरोपी कुख्यात धीरेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
धीरेंद्र सिंह मूल रूप से पूर्वी चंपारण जिले के फेनहारा थाना के परसौनी गांव का रहने वाला है। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। वह जिले के फरार चल रहे अपराधियों की टॉप-10 सूची में दूसरे स्थान पर था।

जिले के श्यामपुर भटहां थाना के रामवन रोहुआ गांव में बीते साल 27 जून को हुई पूर्व मुखिया और जाप नेता सुबोध राय हत्याकांड और हाल ही में शहर के संजय ज्वेलर्स के संचालक राजीव कुमार सोनी से रंगदारी मांगने के मामले को लेकर पुलिस की टीम उसकी तलाश में लगी थी।
रंगदारी में प्रयुक्त मोबाइल के लोकेशन के आधार पर एसपी द्वारा गठित एसआईटी ने दिल्ली में छापेमारी कर उसे दबोच लिया। इसकी जानकारी मंगलवार की शाम कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी अनंत कुमार राय ने दी।

एसपी ने बताया कि धीरेंद्र सिंह पर शिवहर जिले के कई थानों के अलावा सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और पूर्वी चंपारण जिले में कई संगीन मामले दर्ज है। एसपी ने बताया कि धीरेंद्र सिंह सुपारी किलर है। वह पैसे लेकर हत्या करता रहा है। बताया कि सुबोध राय हत्याकांड में उसका नाम सामने आया था। इसके बाद से वह फरार चल रहा था।
इसी बीच उसने शिवहर शहर के सर्राफा व्यवसायी से रंगदारी मांग सनसनी फैला दी थी। इसके आलोक में एसपी ने धीरेंद्र राय की गिरफ्तारी एसआईटी को सौंपी थी। उसके खिलाफ शिवहर में चार मामले दर्ज है। एसपी ने बताया कि धीरेंद्र राय की गिरफ्तारी बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने एसआइटी में शामिल पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों को पुरस्कृत करने की बात कही।



बताते चलें कि, 27 जून 2022 की सुबह रामवन गांव में पूर्व मुखिया सह जाप नेता और रामवन रोहुआ पंचायत की मुखिया मुन्नी देवी के पति सुबोध राय की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बदमाशों ने वारदात को उस वक्त अंजाम दिया जब सुबोध राय गांव के पंकज सिंह के दरवाजे पर बैठक कर चाय पी रहे थे।

घटना की बाबत मृतक के भाई संतोष राय के बयान के आधार पर 28 जून को श्यामपुर भटहां थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। दर्ज प्राथमिकी में भूमि विवाद में हत्या का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने मामले में एक आरोपी विराज मंडल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी बीच पुलिस ने 15 सितंबर को चंपारण के तीन शूटर समेत चार को गिरफ्तार किया था, जहां पूछताछ के बाद धीरेंद्र सिंह का नाम सामने आया था।

अन्य समाचार