पश्चिम चंपारण में मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ा युवक, हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से बुरी तरह झुलसा; हालत गंभीर



बगहा/भैरोगंज (पश्चिन चंपारण), संवाद सूत्र। पश्चिम चंपारण जिले के बगहा स्थित भैरोगंज रेलवे स्टेशन के तीन नंबर लाइन पर खड़ी मालगाड़ी के इंजन के ऊपर चढ़ने से ओएचई (ओवर हेड इक्यूपमेंट) के 25 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया। उसे इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार की सुबह 6.30 बजे एक मालगाड़ी स्टेशन के तीन नंबर लाइन पर खड़ी थी। तभी एक 31 वर्षीय युवक आया और मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ गया। जैसे ही उसने हाथ ऊपर किया, वह ओचएई लाइन के संपर्क में आ गया, जिससे उसके पूरे शरीर में करंट प्रभावित हो गया।

करंट के झटके से वह नीचे गिर गया। इस दौरान वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की जानकारी आरपीएफ व स्थानीय पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष रामउदय ने युवक को थाने की गाड़ी से अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। डीएस डा. केबीएन सिंह ने बताया कि युवक 90 प्रतिशत तक झुलस गया है। उसकी स्थिति गंभीर है।

भैरोगंज स्टेशन मास्टर विनोद कुमार ने बताया कि स्टेशन पर कंस्ट्रक्शन का कार्य हो रहा है। मालगाड़ी से उसी के लिए पत्थर आया था। मालगाड़ी तीन नंबर लाइन पर खड़ी थी। तभी युवक 25 हजार वोल्ट तार की चपेट में आ गया। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वह मानसिक रोगी है। दो दिन से भैरोगंज बाजार में घूम रहा था। उसके पास पहचान संबंधित कोई कागजात नहीं मिलने के कारण परिजनों का पता नहीं चल सका है।

अन्य समाचार