नीतीश मुख्यमंत्री रहें या तेजस्वी, इससे भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ेगा: नित्यानंद राय



संवाद सूत्र, इस्लामपुर(नालंदा)। इस्लामपुर के गया रोड स्थित खानकाह उच्च विद्यालय के खेल परिसर में रविवार को मिलन समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा के गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार में नीतीश मुख्यमंत्री रहें या तेजस्वी, इससे भाजपा को कोई फर्क नही पड़ेगा।
भाजपा को जिस दिन जनता का आशीर्वाद मिलेगा, उस दिन बिहार में भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। भाजपा जोड़-तोड़ कर सरकार नहीं बनाएगी।

उन्होंने कहा कि 2024 की बात छोड़ दें, देश के किसानों, नौजवानों, गरीबों, महिलाओं सहित अन्य लोगों के सहयोग से पिछली बार से ज्यादा बहुमत से देश में भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार में राजद के लोग कह रहे हैं कि भाजपा ने राजद को बर्बाद कर दिया, लेकिन ऐसी बात नहीं है। तेजस्वी को राजनीति पिताजी से विरासत में मिली है। सत्ता के नशे में चूर ये मदहोश हो गए हैं।
नीतीश कुमार के अधीन काम करने के कारण इनका दृष्टिकोण ही ओझल हो गया है। उन्होंने कहा कि जिस समय चारा घोटाला में मुकदमा हुआ, उस समय देश के प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव थे।
बिहार तंत्र! भाई की जगह 17 साल करता रहा नौकरी, साली ने बिगाड़ा सारा खेल; स्वास्थ्य विभाग को भी नहीं लग सकी भनक यह भी पढ़ें
1996 में जब सीबीआई ने चारा घोटाले की जांच की तो उस समय देश के प्रधानमंत्री देवगौड़ा थे, इतना ही नहीं जिस समय लालू को दोषी ठहराया गया। उस समय देश के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह थे।
इसके बावजूद भी वो सीबीआई को सरकार के द्वारा चलाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों का ऐसा इतिहास रहा है। हिम्मत है तो तेजस्वी कांग्रेसियों से पूछें।
उन्हें अपने पिता के अपमान का बदला चाहिए या सत्ता। नीतीश सरकार पर जमकर बरसते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार में हिम्मत है तो नालंदा के किसानों को हिसाब दें कि किसान सम्मान निधि से कितने किसानों को कितना रुपया मिला है।
Bihar: 10 की उम्र में मासूम बच्ची का अपहरण कर 6 साल तक बंधक बनाकर करता रहा दुष्कर्म, आरोपित शिक्षक दोषी करार यह भी पढ़ें
उन्होंने कहा कि डेढ़ लाख किसानों को इस योजना के तहत 390 करोड़, आयुष्मान भारत के तहत, मातृवंदना योजना के तहत 36 करोड़ 21 लाख 80 हजार रुपये मिले।
उन्होंने कहा कि ये पैसा सीधे किसानों के खाते में जाते हैं और नीतीश जी को नींद नहीं आती है। वो सोचते हैं कि किसान प्रधानमंत्री मोदी के हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि नीतीश जी 13 करोड़ बिहारियों के लिए सिर्फ चार लोगों से ही सलाह लेते हैं वो हैं ललन जी, संजय झा, विजेंद्र यादव एवं चौधरी जी। उन्होंने कहा कि महेंद्र यादव के नेतृत्व में नालन्दा में भाजपा में और मजबूती आएगी।

विधान परिषद सदस्य सम्राट चौधरी ने कहा कि नालन्दा के लोगों को संकल्प लेना होगा। आपकी जवानी खत्म होने वाली है। एक ने पंद्रह वर्षों तक राज किया, साढ़े सात वर्ष तक लालू जी, फिर पत्नी उसके बाद बेटा। बिहार में और कोई और नहीं है क्या?
चौधरी ने कहा कि दूसरे ने 18 वर्ष तक राज किया, जिसमें नालन्दा ने ही नींव डाली थी। अब नींव को हटाने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि पलटू राम दो तीन वर्षों के बाद पलट जाते हैं। इस कारण ध्यान रखियेगा।

उन्होंने समाधान यात्रा पर भी तंज कसते हुए कहा कि अठारह वर्ष बीतने के बाद समाधान यात्रा निकाली जाती है फिर अपमान यात्रा कब निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि महेंद्र यादव के भाजपा में आने से नालन्दा को मजबूती मिलेगी।
इस मिलन समारोह में महेंद्र यादव के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने भाजपा का दामन थामा। इस सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष रामसागर सिंह ने की। जबकि संचालन रंजय मालाकार ने किया।

सभा को अर्जुन विश्वकर्मा, सुधीर कुमार, बीरेंद्र गोप, विजय विश्वकर्मा, सौरव जैन, उजाला सोनी, मीडिया प्रभारी गोपी जी, रीना देवी सहित दर्जनों लोगों ने संबोधित किया। केंद्रीय मंत्री व विधानपार्षद ने महेंद्र यादव के नेतृत्व में राजद छोड़कर भाजपा में आने वाले सैंकड़ों कार्यकर्ताओं को अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।
केन्द्रीय राज्य मंत्री नित्यानंद राय को स्वयं को अपनी इज्जत की चिंता है न स्वाभिमान की। वे दूसरे दल के नेताओं को भाजपा में शामिल करने के लिए आतुर हैं। उक्त बातें नालंदा जिला राजद के प्रधान महासचिव सुनील यादव, राजद के महानगर अध्यक्ष खुर्शीद अंसारी, प्रधान महासचिव प्रमोद गुप्ता ने एक संयुक्त प्रेस कर कहीं।

नेताओं ने कहा कि भाजपा में नित्यानंद राय का क्या वजूद है, वह कल की रैली में आम जनता ने देखा है और आज दूसरी ओर इस्लामपुर में स्थानीय नेता महेन्द्र यादव को भाजपा में शामिल करने के लिए मिलन समारोह आयोजित किया है। जब भाजपा में उनका ही वजूद नहीं हैं तो दूसरे शामिल नेताओं का क्या हश्र होगा। यह आमजन में चर्चा का विषय बना हुआ है।

अन्य समाचार