Arrah News: भोजपुर में शौच करने निकले युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग, जख्मी हालत में भर्ती; गांव के युवक पर ही आरोप



आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले के आयर थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव में सोमवार की सुबह हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी और फरार हो गए। जख्मी युवक 25 वर्षीय सोनू सिंह आयर थाना क्षेत्र के श्रीनगर गांव निवासी रामबाबू सिंह के पुत्र हैं। वे पेशे से सेंट्रिग मिस्त्री है। जख्मी मिस्त्री को एक गोली दाएं हाथ की हथेली एवं एक गोली सीने के बीचों-बीच लगी है। इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आयर थानध्तक्ष मनोज कुमार घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन कर रहे हैं। अभी तक किसी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

इधर, जख्मी मिस्त्री के पिता रामबाबू सिंह ने बताया कि एक महीना पूर्व गांव के ही एक व्यक्ति से मामूली विवाद को लेकर नोकझोंक हुई थी। हालांकि, बात तब खत्म हो गई थी। सोमवार की सुबह उनका पुत्र सोनू सिंह शौच करने के लिए जा रहे थे। जैसे ही वे श्रीनगर गांव स्थित पुल के समीप पहुंचे, तभी उक्त युवक बाइक से आया और उनके बेटे पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बेटे को दो गोली लगी है। घटना के बाद बाइक सवार बदमाश फरार हो गया।
भोजपुर: आरा-बक्सर हाइवे पर अनियंत्रित वाहन ने बाइक सवारों को रौंदा, एक महिला की मौत यह भी पढ़ें
इसके बाद स्वजन द्वारा युवक को इलाज के लिए पहले आरा सदर अस्पताल और फिर आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जख्मी सोनू सिंह के पिता रामबाबू सिंह ने गांव के ही करिया सिंह नामक व्यक्ति पर एक महीना पूर्व हुए विवाद को लेकर गोली मारने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।
युवक का इलाज कर रहे सर्जन चिकित्सक डा विकास सिंह ने बताया कि गोली लगने से जख्मी एक युवक आया है। एक गोली दाएं हाथ में एवं एक गोली सीना के बीच लगी है। मरीज की स्थिति काफी खराब है और रक्तस्राव भी काफी हो चुका है। अभी हम लोग खून अरेंज करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके बाद इसका आपरेशन किया जाएगा।

अन्य समाचार