Buxar News: राशन डीलर ने गांव के युवक को मारी गोली, कम राशन देने का किया था विरोध; दो लोगों पर प्राथमिकी दर्ज



बक्सर, जागरण संवाददाता। बक्सर के औद्योगिक थाना क्षेत्र के बड़का गांव मानसिंह पट्टी में बाइक सवार बदमाशों ने युवक को गोली मार दी। गोली चलाने का आरोप जिस शख्स पर लगा है, वह जन वितरण प्रणाली की दुकान चलाता है। आरोप है कि वह अपने उपभोक्ताओं को कम राशन दिया करता था। इसी को लेकर टोकने पर उसने गांव के युवक को गोली मार दी। गंभीर रूप से जख्मी युवक को शहर के विश्वामित्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल उसकी हालत स्थिर है। इस मामले में डीलर समेत दो लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।


मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार देर शाम की है। मानसिंह पट्टी निवासी मधु पासवान के पुत्र मनजी पासवान गांव के शनिचरा बाबा स्थान से होते हुए घर जा रहे थे, तभी बाइक सवार डीलर उमेश मिश्रा और नीलू मिश्रा ने उन्हें घेर लिया और पिस्टल निकाल ताबड़तोड़ चार गोलियां दागते हुए भाग निकले। अपराधियों की चलाई गोलियों में से एक गोली मनजी पासवान के कमर और कूल्हे के बीच जा लगी। गोली लगते ही मनजी पासवान गिर गए। गोली चलने की आवाज सुनकर चारों तरफ से ग्रामीण दौड़ पड़े।
बक्सर में दो लड़कियों ने मंदिर में रचाई शादी; पति-पत्नी की तरह साथ रहने की ठानी, अब कोर्ट की शरण में पहुंचीं यह भी पढ़ें
आनन-फानन में ग्रामीणों ने मनजी को इलाज के लिए शहर के गोलंबर स्थित निजी चिकित्सालय विश्वामित्र में भर्ती कराया। इधर, वारदात की सूचना मिलते ही मौके पर सदर डीएसपी गोरखराम स्थानीय थानेदार के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की जांच में जुट गए। चिकित्सक राजीव झा ने बताया कि फिलहाल जख्मी युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, पर वह स्थिर है। गोली रीढ़ की हड्डी के बीच फंसी है, ऑपरेशन की तैयारी चल रही है।

घटना की पुष्टि करते हुए औद्योगिक थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि देर शाम गोली से जख्मी मनजी पासवान के बयान पर सोमवार को लिखित आवेदन प्राप्त हुआ है। बयान के अनुसार, वह टहलकर घर जा रहे थे, तभी अचानक बाइक से डीलर उमेश मिश्रा और नीलू मिश्रा पहुंचे और जेब से पिस्टल निकालकर एक के बाद एक कर चार गोलियां उनपर चलाईं। हालांकि, संयोग से उन्हें एक ही गोली लगी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।


बताते चलें कि बक्सर एसपी मनीष कुमार के प्रशिक्षण पर चले जाने के बाद रविवार की दोपहर ही प्रभारी एसपी दीपक वरणवाल ने जिले में अपना योगदान दिया। उनके योगदान करने के साथ ही मानसिंह पट्टी में गोली चल गयी। इधर, औद्योगिक थाना क्षेत्र में ही जमीन विवाद में दो गुटों के बीच मारपीट और फायरिंग की चर्चा रही। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में फायरिंग से इंकार किया था। दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस अधिकारी देर शाम तक परेशान रहे।


अन्य समाचार