घोसी के सलालपुर में किसान के घर से 16 लाख की डकैती



घोसी (जहानाबाद), संवाद सहयोगी। जहानाबाद जिले के घोसी थाना के सलालपुर गांव में मंगलवार की देर रात 15 हथियारबंद डकैतों ने किसान सुरेंद्र शर्मा के घर पर धावा बोल दिया। डकैत किसान के घर से 16 लाख की संपत्ति उठा ले गए।
डकैतों ने घर में सो रहे किसान दंपती के कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद, डकैतों ने एक-एक कर सभी कमरों को खंगाल दिया। सभी बक्से और अलमारी को तोड़कर ढाई लाख नकदी और 15 लाख से ज्यादा के सोने के जेवरात बटोर लिए।

घर में तोड़-फोड़ की आवाज सुन किसान की पत्नी की नींद खुल गई। वह बाहर निकलने के लिए दरवाजे पर पहुंची तो वह बाहर से बंद मिला। उन्होंने चोर-चोर कहकर पति को जगाया। किसान हड़बड़ा कर उठे और ग्रामीणों को मोबाइल से डकैती की सूचना दी। धीरे-धीरे पूरे गांव में बात फैल गई।
ग्रामीण जब तक जुटते, तब तक सभी डकैत सुरेंद्र शर्मा के घर से सामान बटोरकर बाहर निकल चुके थे। यहां से निकलकर डकैत सुरेंद्र शर्मा के भाई रविंद्र शर्मा के घर में ताला तोड़कर घुस गए, लेकिन अंदर कोई कीमती सामान नहीं मिला। इस बीच ग्रामीण जुट गए लेकिन दर्जन भर से अधिक डकैतों को हथियारों से लैस देख मुकाबले का साहस नहीं कर सके।

गांव में ही एक किसान के पास लाईसेंसी हथियार है। उससे हवाई फायरिंग करने के बाद डकैतों के पांव उखड़े। खुद को घिरता देख सभी डकैत गांव से उतर की दिशा में भाग निकले।
फायरिंग करने के बाद डकैत गांव से उत्तर दिशा की ओर भाग निकले। इसके बाद गांव वाले किसान के घर पहुंचे और बंद दरवाजा खोलकर उन्हें बाहर निकाला। किसान के सभी कमरों में सामान बिखरे पड़े थे। ग्रामीणों ने घोसी पुलिस को रात में ही डकैती की सूचना दे दी थी।

किसान ने कमरे में देखा तो सभी गहने और ढाई लाख नकद गायब थे। सारा सामान बिखरा पड़ा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना घोसी पुलिस को दी। सुबह में घोसी पुलिस और एसपीडीओ अशोक कुमार पांडेय गांव पहुंचे और घटना की छानबीन की।
डकैतों का सुराग लेने के लिए एक खोजी कुता लाया गया। कुत्ता डकैतों के भागने की दिशा में कुछ दूरी तक गया, जहां बधार से खाली अटैची, बक्से और कुछ कपड़े बरामद किए गए। घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल कायम है।

किसान के बयान पर घोसी थाने में 15-20 अज्ञात डकैतों के विरुद्ध प्राथमिकी की गई है। एसडीपीओ ने बताया कि घटना की वैज्ञानिक तरीके से जांच की जाएगी। जल्द ही अपराधियों काे चिन्हित कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


अन्य समाचार