Bihar Crime: जहानाबाद में डकैती मामला, कमरे में बंद दंपती ने ग्रामीणों को कॉल लगाकर दी सूचना; बाल-बाल बची जान



संवाद सहयोगी, घोसी, जहानाबाद। घोसी थाना के सलालपुर गांव में मंगलवार की देर रात 15 हथियारबंद डकैतों ने किसान सुरेंद्र शर्मा के घर से 16 लाख की डकैती कर ली। डकैती के समय किसान और उनकी पत्नी एक ही कमरे में थे, जिसका दरवाजा डकैतों ने बाहर से बंद कर दिया था।
किसान सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पत्नी ने जब उन्हें चोर-चोर कहकर जगाया। तब उन्होंने शोर मचाकर ग्रामीणों से मदद मांगनी चाही लेकिन डकैतों के भय से शोर नहीं मचा सके। दंपती ने मोबाइल में जिन ग्रामीणों के नंबर थे, सभी को लगाना शुरू किया। मोबाइल की आवाज सुनकर डकैत कमरे में न आए जाएं, इसलिए अंदर से दरवाजा बंद कर लिए।

किसान ने बताया कि रात में सोने की वजह से लोग जल्दी फोन नहीं उठा रहे थे। किसी तरह एक दो लोगों ने फोन उठाए, जिसके बाद पूरे गांव को डकैतों के आने का पता चल गया। किसान ने बताया कि अगर दरवाजा बाहर से बंद न होता तो रात्रि में उठने पर डकैत की गोलियों का शिकार हम दोनों पति-पत्नी हो जाते। भगवान का शुक्र है कि हम दोनों की जान बच गई।
किसान सुरेंद्र शर्मा स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत थे। सेवानिवृत होने के बाद गांव में रहकर खेती किसानी करते हैं। उनके दो पुत्र हैं। एक बैंक में दूसरा मेडिकल प्रतिनिधि हैं। दोनों परिवार संग शहर में रहते हैं। गांव में सिर्फ किसान और उनकी पत्नी रहती हैं, जिसकी रेकी कर डकैतों में घटना को अंजाम दिया।
Bihar Crime: जहानाबाद में हथियारबंद 15 डकैतों ने किसान के घर पर बोला धावा, ले गए 16 लाख की संपत्ति यह भी पढ़ें
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में 30 साल के बाद इतनी बड़ी डकैती की घटना हुई है। घटना से पूरे गांव में दहशत कायम हो गया है। किसान ने बताया कि दो सोने की मोटी चेन, चार अंगूठी, दोनों बहू की शादी के सभी गहने के अलावा लाखों के जेवरात लूटकर डकैत भाग गए।
हुलासगंज-जहानाबाद मुख्य मार्ग से तीन किमी अंदर सलालपुर गांव है। ग्रामीणों ने कहा कि मुख्य से इतनी कम दूरी के बावजूद घोसी पुलिस की गश्ती गाड़ी कभी गांव की तरफ नहीं आती। रात्रि में इस इलाके में पुलिस कम अपराधियों की चहलकदमी बढ़ जाती है। यही वजह होगी कि 15 से 20 की संख्या में हथियार से लैस डकैत आए और डकैती की घटना को अंजाम देकर सुरक्षित निकल गए।

अन्य समाचार