भोजपुर: आरा में पेड़ से बांधकर युवक को बेदम पीटा, खेत से मकई चुराने का लगाया आरोप; वीडियो-तस्वीरें वायरल



जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के बड़का लौहर गांव में शनिवार की सुबह दबंगों ने बर्बरता की हद कर दी।
खेत से मकई काटकर चुराने का आरोप लगाकर एक युवक को पहले रस्सी से पेड़ में बांधा गया और फिर उसकी जमकर पिटाई कर दी गई। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
इसके बाद स्वजन द्वारा उसे इलाज के लिए बड़हरा के मनीछपरा स्थित पीएचसी से सदर अस्पताल आरा लाया गया। जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।

जख्मी युवक 40 वर्षीय राम जीवन राम बड़हरा थाना क्षेत्र के बड़का लौहर गांव निवासी राम अयोध्या राम का पुत्र है। उसके शरीर के कई भागों में जख्म के निशान मिले हैं। 
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना के वीडियो और फोटो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुए हैं।

इधर, रामजीवन राम ने बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने उसके खेत से मकई काटने का झूठा आरोप लगाया था। इसके बाद जब वह उक्त व्यक्ति से पूछताछ करने गए तो उसने उसे अपने साथ अपने घर पर ले गया।

घर के पास लगे आंवले के पेड़ में बांध दिया। इसके बाद उसने अपने भाई एवं भतीजे के साथ मिलकर लाठी-डंडों से उसकी जमकर पिटाई कर दी गई। इससे रामजीवन राम गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
इसके बाद स्वजन द्वारा उसे इलाज के लिए बड़हरा के मनीछपरा स्थित पीएचसी से सदर अस्पताल, आरा लाया गया। जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
इस मारपीट के दौरान जख्मी युवक का बांया हाथ फ्रैक्चर हो गया है। दूसरी ओर जख्मी युवक रामजीवन ने गांव के ही दिनेश यादव, उमेश यादव एवं गोलू पर पेड़ में बांधकर लाठी-डंडों से मारपीट एवं पीटने का आरोप लगाया है। हालांकि, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।


अन्य समाचार