Kaimur: छिनैती का विरोध करने पर युवक की गोली मारकर हत्या, जान बचाकर भागे दोस्त; गांव के युवक समेत दो पर आरोप



चैनपुर (कैमूर), जागरण संवाददाता। कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ गांव में शनिवार की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक रामगढ़ गांव निवासी श्री राजभर का पुत्र चंदन राजभर बताया जाता है। मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार की रात उत्तर प्रदेश के सैदपुर से ग्राम रामगढ़ के निवासी केदार राजभर, चंदन राजभर एवं हंस राजभर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। चितमपुर के चपरी पहाड़ी के पास रास्ते में कुछ लोगों के द्वारा एक ट्रैक्टर को रोक कर छिनैती की जा रही थी। छिनैती करने वाला युवक अजित यादव एवं टिंकू कुमार को उक्त तीनों लोगों ने पहचान लिया। यह भेद खुल ना जाए इसके चलते अजित यादव और टिंकू कुमार ने चंदन राजभर को गोली मार दी।

इस घटना के बाद अन्य दो युवक जो साथ में थे, वह किसी तरह भागकर घर पहुंचे और पूरी घटना की जानकारी गांव में दी। घटना की सूचना पर तत्काल स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां चंदन राजभर की मौत हो चुकी थी। इसके बाद स्थानीय लोगों के द्वारा इसकी सूचना चैनपुर थाना की पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रात में ही चैनपुर थाना लाई।
कानूनी कार्रवाई पूर्ण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतक के बड़े भाई ने गांव के ही अजित यादव एवं टिंकू कुमार ग्राम धरहरा निवासी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष संजय कुमार पासी ने बताया कि घटना की सूचना रात दस बजे के आसपास मिली। तत्काल एसआई शंभू सिंह को मौके पर भेजा गया। घटना किस वजह से हुई है यह अभी स्पष्ट भी नहीं हो सका है। मामले में जांच की जा रही है।
स्वजन अजित यादव रामगढ़ निवासी एवं टिंकू कुमार धरहरा निवासी के ऊपर हत्या का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि अजित यादव का आपराधिक इतिहास भी है। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में पत्रकार की हत्या हुई थी। उसका मुख्य आरोपी है। दो वर्ष तक जेल में था। जमानत पर जेल से बाहर है।

मृतक के स्वजन की तरफ से अभी कोई आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक कुल चार भाई हैं। मृतक की शादी लगभग आठ वर्ष पहले हो चुकी है। मृतक के दो बच्चे भी हैं। जिसमें आशीष पांच वर्ष का जबकि अतीत तीन वर्ष का बताया जाता है। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मचा हुआ है। जबकि गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।

अन्य समाचार