खगड़िया: बच्चों के कुर्सी तोड़ने के विवाद में उलझे बड़े; ईंट-पत्थर मारकर बुजुर्ग की हत्या, पांच गिरफ्तार



जागरण संवाददाता, खगड़िया। खगड़िया के मोरकाही थाना क्षेत्र अंतर्गत माड़र दक्षिणी गांव में बच्चों के विवाद में बुजुर्ग की निर्मम हत्या की वारदात को अंजाम दे दिया गया।
ईंट-पत्थर से मारकर 50 वर्षीय अर्जुन पोद्दार की हत्या कर दी गई।
इस मामले में मृतक के स्वजन की शिकायत पर पड़ोस के ही राजेश पोद्दार समेत 13 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई गई है।
एसपी अमितेश कुमार के निर्देश पर मोरकाही थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।

बेहतर विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर इलाके में पुलिस लगातार निगरानी रख रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि शनिवार को अर्जुन पोद्दार के घर के बच्चों ने आरोपितों की कुर्सी को पटककर तोड़ दिया।
इस बात को लेकर देर रात दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। आरोपितों की ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलाए गए।
इसमें अर्जुन पोद्दार गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें बेहतर उपचार हेतु बेगूसराय ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
Tamilnadu Violence: तमिलनाडु में खगड़िया के आधा दर्जन मजदूर फंसे, 10 दिन से तीन कमरों में बंद यह भी पढ़ें
थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि 13 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
इसमें से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष की गिरफ्तारी को लेकर छापामारी की जा रही है।
स्थिति नियंत्रण में है। शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया गया है।

अन्य समाचार