भोजपुर में खून की होली: होलिका दहन में गोबर फेंकने को लेकर चचेरे भाई समेत चार पर फायरिंग, एक की मौत; तीन गंभीर



आरा, जागरण संवाददाता। बिहार के भोजपुर जिले में होली से एक दिन पहले खून की होली खेली गई। जिले के चांदी थाना क्षेत्र अंतर्गत सलेमपुर गांव में मंगलवार सुबह हथियारबंद अपराधियों ने एक महिला, दो चचेरे भाई और भतीजा समेत चार लोगों को गोली मार दी। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रुप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के मूल में होलिका दहन के दौरान गोबर और पानी फेंके जाने को लेकर विवाद की बात सामने आ रही है।

सदर अस्पताल आरा में प्राथमिक इलाज के बाद एक की हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया है। हालांकि, स्वजन पटना नहीं ले जाकर आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। मृतक 38 वर्षीय धनी यादव सलेमपुर गांव निवासी कृष्ण भगवान सिंह के पुत्र और पेशे से किसान थे।


घायलों में मृतक का चचेरा भाई और सुरेंद्र सिंह के 16 वर्षीय पुत्र रवि रंजन कुमार, मृतक का भतीजा और लालमोहन सिंह का 16 वर्षीय पुत्र चंद्रशेखर कुमार और ग्रामीण प्रभुनाथ की 55 वर्षीया पत्नी चिंता देवी शामिल है।
भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सलेमपुर गांव में दो पड़ोसियों के बीच में गोबर और पानी का छींटा पड़ जाने को लेकर झगड़ा हुआ था। झगड़े के क्रम में दूसरे पड़ोसी ने अवैध हथियार से फायरिंग कर दी, जिसमें एक की मौत हो गई है। वारदात के बाद कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। कुछ लोग फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।

इधर, चांदी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी रंजीत यादव ने बताया कि सोमवार की रात जब वे लोग होलिका दहन करने जा रहे थे तो कुछ बच्चे उनपर गोबर और पानी फेंक रहे थे।इसको लेकर उन्होंने मना किया था। इसी बात को लेकर उनके बीच रात में नोंकझोंक हुई हुई थी। इसके बाद आरोपी पक्ष द्वारा गाली-गलौज भी किया गया था। गांव वाले जमा हो गए थे। हालांकि, सोमवार की रात बात फिर खत्म हो गई थी।

मंगलवार की सुबह जब वे सभी दरवाजे पर बैठे हुए थे तभी आरोपित पक्ष के लोग हाथ में हथियार लेकर उनके दरवाजे पर आ धमके और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसमें फायरिंग के दौरान धनी यादव और चचेरे भाई रवि रंजन कुमार को गोली लग गई। धनी यादव के भतीजे चंद्रशेखर कुमार और गांव की ही चिंता देवी छर्रा लगने से घायल हो गई। सभी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ला रहे थे, तभी रास्ते में ही धनी यादव ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर चांदी थाना प्रभारी पुनम कुमारी भी वहां पहुंच गई।

घायल चंद्रशेखर कुमार और महिला चिंता देवी का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। मृतक के चचेरे भाई रंजीत यादव ने गांव के ही अमरुधी एवं बबुआ पर गोली मारने का आरोप लगाया है। पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। मृतक धनी यादव अपने दो भाई और चार बहन में सबसे बड़ा था। परिवार में मां उर्मिला देवी, पत्नी शैल देवी, दो बेटे विकास, ओम प्रकाश और दो बेटी सुषमा एवं बेबी हैं। इस घटना के बाद मृतक की मां उर्मिला देवी, पत्नी शैल देवी सहित परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

अन्य समाचार