Arrah:दारोगा के बेटों ने डायल 112 के चालक को मारी गोली, दो पक्षों का झगड़ा सुलझाने की कोशिश बताई वजह; 6 पर FIR



जागरण संवाददाता,आरा: भोजपुर जिले के आरा टाउन थाना क्षेत्र के गौसगंज पहाड़ी डिपो के पास मंगलवार शाम हथियारबंद बदमाशों ने बिहार पुलिस के डायल 112 के वाहन चालक को गोली मार दी और फरार हो गए। जख्मी पुलिस वाहन का आरा के सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
 
पुलिस वाहन चालक संजय प्रकाश टाउन थाना क्षेत्र के गौसगंज मोहल्ला निवासी राम दर्शन प्रसाद के पुत्र है। संजय सेना से रिटायर्ड हैं और वर्तमान में टाउन थाना में कार्यरत है। 112 नंबर पुलिस वाहन के चालक हैं। संजय को गोली दाएं पैर में जांघ के पास लगी है, जोकि आर पार हो गई।  

112 नंबर पुलिस वाहन के चालक संजय ने जैकी, शशी और गोवर्धन पर नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। शुरुआती जांच में वारदात के पीछे जिन दो लड़कों की संलिप्तता की बात सामने आ रही है, वे बिहार पुलिस में कार्यरत दारोगा के पुत्र है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला है कि ड्राइवर संजय प्रकाश के मकान के बगल में एक और मकान बन रहा है। उस मकान का ठेकेदार व दो-तीन परिचित साथ बैठे खा-पी रहे थे। उसी समय पैसे के लेनदेन को लेकर आपस में कुछ कहासुनी हो गई। चालक संजय प्रकाश उनको समझाने लगे। इसी दौरान ठेकेदार के परिचित व्यक्तियों ने संजय को गोली मार दी।
Holi 2023: होली पर सुपर फूड से बने पकवान रखेंगे पेट का ख्याल, मोटे अनाज के इन व्‍यंजनों का उठाएं लुत्‍फ यह भी पढ़ें
घायल पुलिस वाहन चालक संजय प्रकाश ने बताया कि वे मंगलवार की शाम जब गड्ढे में मिट्टी भरवा रहे थे। उसी दौरान ठेकेदार व अन्य लोगों में झगड़ा हो गया। इसके बाद वे झगड़ा सुलझाने वहां पहुंच गए, तभी अचानक फायरिंग हो गई और उनको गोली लग गई। इसके बाद उनके परिवार वाले उन्हें इलाज के लिए पहले आरा शहर के बाबू बाजार स्थित निजी अस्पताल और फिर वहां से आरा सदर अस्पताल लाए, जहां उनका संजय का इलाज चल रहा है।
Arrah News: होली में दिल्ली से घर लौट रहे युवक की चलती ट्रेन से गिरकर मौत, मातम में बदली त्योहार की खुशियां यह भी पढ़ें
पुलिस वाहन के चालक संजय प्रकाश ने स्कॉर्पियो सवार तीन नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। सूत्रों के मुताबिक, जख्मी सिपाही अपने कुछ दोस्तों के साथ बैठकर एक कमरे में बातचीत कर रहा था कि उसी दौरान उन दोस्तों में से ही किसी एक दोस्त ने गोली मार दी। बहरहाल, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है।
प्राथमिक उपचार करने वाले सर्जन चिकित्सक डॉ. विकास सिंह ने बताया कि जख्मी युवक को गोली दाएं पैर में जांघ पर लगी है। गोली पैर के आर-पार हो गई है। हालांकि, अभी मरीज का हालत स्थिर है। 

अन्य समाचार