Darbhanga: दरभंगा में जमीन फर्जीवाड़े के मामले में दो सगे भाई गिरफ्तार, मौसेरे भाई ने दर्ज कराई थी प्राथमिकी



जागरण संवाददाता, दरभंगा। बिहार के दरभंगा में लहेरियासराय थाने की पुलिस ने मंगलवार को जमीन फर्जीवाड़े मामले में दो भाईयों को गिरफ्तार कर लिया।
इसमें लहेरियासराय थानाक्षेत्र के टेढ़ी बाजार निवासी मो. अली और अरफात मदनी शामिल हैं। बताया जाता है कि मो. अली मधुबनी जिले के मत्सय विभाग में बतौर पदाधिकारी है।
हालांकि, पूछताछ में इसकी पुष्टि नहीं हुई है। थानाध्यक्ष कुमार कीर्ति ने बताया कि मो. अली के विषय में बताया जाता है कि वह मधुबनी के मत्सय कार्यालय में पदाधिकारी हैं, लेकिन पूछताछ में ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है।

बहरहाल, इसकी जानकारी ली जा रही है। उन्होंने बताया कि जाले थाना क्षेत्र के जाले निवासी मो. इमरान ने 20 जनवरी को जमीन फर्जीवाड़े को लेकर कांड संख्या 27/23 दर्ज कराई थी।
इसमें गिरफ्तार किए दोनों आरोपियों सहित कुल चार लोगों को आरोपी बनाया गया था। आरोपितों पर सदर थानाक्षेत्र के धोई में 24 कट्ठा साढ़े आठ धूर भूमि फर्जी ढंग से अलग-अलग पांच लोगों के हाथों बेच देने का आरोप है।

जांच में आरोप सत्य पाए गए थे। इस बीच आरोपित पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे। इसमें दो को गुप्त सूचना पर उनके घर से दबोच लिया गया।
उधर, पीड़ित इमरान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित उनका मौसेरे भाई हैं। इसमें एक मो. अली मधुबनी जिले के मत्सय विभाग में बतौर पदाधिकारी है।

अन्य समाचार