Jamui: होली के रंग में भंग..., झांझा में आकाशीय बिजली की चपेट में आईं तीन महिलाएं, एक की हालत गंभीर



संवाद सूत्र, जमुई: होली के मौके पर झाझा शहर के चरघरा में व्रजपात होने से तीन महिलाएं घायल हो गई। वज्रपात की यह घटना दिन के करीब डेढ़ बजे की है, जब पूरा शहर होली के रंग में मशगूल था। फागुन के इस महीने में वज्रपात की शायद यह पहली घटना है।
जानकारी के अनुसार, दिन के करीब ग्यारह बजे के बाद मौसम ने करवट ली और बूंदाबांदी होने लगी। लोग घरों में दुबकने को विवश हो गए। उसी दौरान चरघरा मुहल्ले के एक पेड़ पर भीषण व्रजपात हुआ और उसके सौ मीटर दूरी पर मौजूद महिलाओं के समूह में से तीन महिला को जोरदार झटका लगा।

घायल महिलाओं में एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घायल महिलाओं की पहचान मोहल्ले की ही सकून देवी, द्रौपदी देवी और सीता कुमारी के रूप में हुई है। वज्रपात की इस घटना में सकून देवी को ज्यादा झटका लगा है और हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर वज्रपात की घटना को लेकर लोगों के बीच चर्चा है। कई बुजुर्ग बता रहे हैं कि अमूमन वैशाख और जेठ महीने से लेकर भादो और आश्विन महीने में होने वाली वर्षा के दौरान वज्रपात की घटनाएं देखने को मिलती हैं। कभी-कभार जाड़े के दिनों में होने वाली वर्षा के दौरान बिजली की चमक और बादलों की गरज देखने को भले मिलती थी।

अन्य समाचार