Bihar Crime: समस्तीपुर में होली खेलने के विवाद में महिला की गोली मारकर हत्या, एक युवक को भी मौत के घाट उतारा



समस्तीपुर, जागरण संवाददाता। बिहार के कई जिलों में होली के दिन क्राइम में बढ़ोतरी देखी गई। जिससे उल्लास का पर्व का रंग फीका पड़ गया। समस्तीपुर में बुधवार को अलग-अलग जगह एक महिला और युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
पहली घटना चकमेहसी थानाक्षेत्र के गोराई पंचायत के बलहा गांव की है। बुधवार की दोपहर बलहा पेठियागाछी के समीप खाने-पीने के दौरान विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बदमाशों ने गांव के संदीप ठाकुर के बेटे अनिकेत कुमार के सिर में गोली मार दी।

वारदात के बाद लोगों के होश उड़ गए। स्थानीय लोग घायल को लेकर मुजफ्फरपुर स्थित एक निजी क्लीनिक पहुंचे, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद युवक को पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। गुरुवार को 24 साल के अनिकेत ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
वहीं, दूसरी ओर बिथान थानाक्षेत्र के पुसहो गांव में बुधवार रात होली खेलने के विवाद में लोगों ने घर में घुसकर एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान वार्ड 06 निवासी संजय भारती उर्फ टेंशन की पत्नी 38 वर्षीय रेखा देवी के रूप में हुई है।

सूचना पर स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मृतका का शव कब्जे में ले लिया। गुरूवार सुबह सदर अस्पताल में शव का अंत्यपरीक्षण कराया गया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
इसके अलावा, शेखपुरा में भी होली के मौके पर फायरिंग का मामला सामने आया। शेखपुरा के सदर ब्लॉक के धर्मपुर गांव में होली के हुड़दंग में विवाद हो गया। जिसके बाद बुधवार शाम और गुरुवार सुबह के बीच कई दफा फायरिंग की गई। इस फायरिंग में एक महिला समेत दो लोग घायल हो गए।

इस फायरिंग में घायल लोगों को स्थानीय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी नाजुक हालत को देखते हुए पावापुरी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि मामला होली खेलने को लेकर शुरू हुआ। इसी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों के बीच पुराने झगड़े भी चल रहे थे। इसी बीच पहले पत्थरबाजी हुई। फिर कई बार फायरिंग की गई।


अन्य समाचार