दिल्ली से होली मनाने 2 साल बाद घर आए युवक की प्रेम प्रसंग में हत्या, प्रेमिकी की शादी के बाद रखा था रिश्ता



संवाद सहयोगी, पताही: थाना क्षेत्र के खुटौना गांव में मंगलवार रात चाकू से गोदकर एक युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। शव को बेतौना गांव के एक पुल के नीचे फेंक दिया। पुलिस ने बुधवार दोपहर शव को बरामद किया था। हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जाता है।
मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के कोदरिया निवासी भैरव पंडित के पुत्र विकास पंडित (19 वर्ष) के रूप में की गई है। विकास दिल्ली स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। दो वर्ष के बाद वह मंगलवार को होली मनाने के लिए घर आया था। मंगलवार रात करीब 10 बजे अपने दोस्त के साथ घर से बाहर गया था। उसके बाद घर नहीं लौटा।

जब पूरी रात विकास घर नहीं आया, तब स्वजनों ने उसकी खोज शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। इसी बीच, स्वजनों को बुधवार की दोपहर एक बजे सूचना मिली कि थानाक्षेत्र के ही बेतौना पुल के नीचे विकास का शव पड़ा मिला है। स्वजनों ने तत्काल घटना की जानकारी पताही थानाध्यक्ष को दी। थानाध्यक्ष अनुज कुमार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। विकास के शरीर पर कई जगहों चाकू से गोदने के जख्म मिले।
शुरुआती जांच में पता चला कि विकास की हत्या प्रेम प्रसंग के मामले की गई है। उसका प्रेम-संबंध गांव की एक लड़की से चल रहा था। लड़की की शादी के बाद भी वह उसके संपर्क में था। इसी कारण उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में संदेह के आधार पर एक महिला समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। दोनों से सघन पूछताछ चल रही है।
Bihar: मस्जिद के सामने से गुजरी होली खेलने वालों की टोली, झड़प; एक की मौत-10 घायल, दो दर्जन से ज्यादा गिरफ्तार यह भी पढ़ें
पकड़ीदयाल के पुलिस उपाधीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मामले में युवक के पिता ने आवेदन दिया है। घटना के पीछे प्रेम-प्रसंग कारण बताया जा रहा है। महिला समेत दो लोग पकड़े गए हैं। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद विकास के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विकास की मां बार-बार बेहोश हो जा रही हैं। पिता भैरव पंडित का भी रो-रोकर बुरा हाल है। भैरव बस यही कह रहे थे- क्या हो गया? मेरा बेटा कहां चला गया। स्वजनों के मुताबिक, विकास की शादी नहीं हुई थी। घर का पालन पोषण विकास ही करता था।


अन्य समाचार