अररिया: ससुराल में मिली विवाहिता की लाश, हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार, सास-ससुर समेत आधा दर्जन के खिलाफ FIR



संवाद सूत्र, फुलकाहा (अररिया)। नरपतगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या छह मधुरा पश्चिम साहेबगंज में ससुराल में विवाहिता की लाश मिली है। मृतका के शरीर पर चोट के निशान हैं।
बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात 21 वर्षीय गर्भवती महिला काजल कुमारी की पति, सास-ससुर सहित अन्य लोगों के द्वारा पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है।
मामले की जानकारी मिलते ही नरपतगंज पुलिस ने मृतका के घर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के बाद मायके वालों के सुपुर्द कर दिया।

इधर, मायकेवालों की ओर से मृतका के पति, सास-ससुर सहित आधा दर्जन लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए केस दर्ज कराया गया है।
केस दर्ज होने के बाद थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपित मृतका के पति पंकज यादव को गिरफ्तार कर आवश्यक पूछताछ के बाद जेल भेज दिया।
मृतका का मायका पूर्णिया जिले के कसबा प्रखंड के मलहरिया वार्ड सात में है। उसकी दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी।
Araria News: अररिया में आग लगने की दो घटनाओं में 12 घर जलकर खाक, लाखों का नुकसान यह भी पढ़ें
दर्ज केस में कसबा प्रखंड के मलहारिया निवासी पिता देवनारायण यादव ने बताया कि पुत्री काजल कुमारी की शादी दो वर्ष पूर्व दीप नारायण यादव के पुत्र पंकज यादव से की थी।
शादी के बाद से ही अक्सर उसके पति सहित परिवार के द्वारा दहेज की मांग को लेकर मारपीट व प्रताड़ित किया जा रहा था।
23 दिसंबर 2021 को दहेज की मांग को लेकर हत्या की नीयत से जहर पिला दिया गया था। इसके बाद बेटी का इलाज पूर्णिया में कराने के बाद पंचायती कर मामले में सुलह कराई गई थी।
Bihar: अररिया में दो अलग-अलग एक्सीडेंट में तीन की मौत, बहन की शादी का कार्ड देने जा रहे युवक को पिकअप ने रौंदा यह भी पढ़ें
आरोप है कि मंगलवार की देर रात पति पंकज यादव, भैंसुर चंदन यादव, गौतनी रमिता देवी, ससुर दीप नारायण यादव, सास बीना देवी, अनिल यादव व उमेश यादव के द्वारा मिलकर दहेज के लिए हत्या कर दी गई।
मामले में थानाध्यक्ष शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर दहेज को लेकर मृतका के पति, सास ससुर सहित आधा दर्जन लोगों पर नामजद केस दर्ज किया गया है।
वहीं, आरोपित पति पंकज यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद मायकेवालों के सुपुर्द कर दिया गया है।

अन्य समाचार