Munger: तारापुर में बंदरों का आतंक, 48 घंटे में 25 लोगों को काटा; परेशान लोगों ने सड़क कर दिया जाम



तारापुर (मुंगेर), संवाद सहयोगी। जिले के तारापुर नंगर पंचायत क्षेत्र में चार बंदरों ने उत्पात मचा रखा है। बंदर के काटने और उनसे बचने के चक्कर में लोग घायल हो रहे हैं। पिछले 48 घंटों में बंदरों ने 25 लोगों को काटकर जख्मी कर दिया है।
सभी घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज कराया गया। अस्पताल में जरूरी इंजेक्शन और दवा दिए गए। बंदरों के उत्पात बढ़ गए हैं लेकिन जिला वन विभाग की टीम अथक प्रयास के बाद भी बंदरों को नहीं पकड़ पाई है।

बंदरों के उत्पात से परेशान लोग शुक्रवार को सड़क पर उतर गए। उन्होंने तारापुर-देवघर मार्ग को जाम कर दिया। लगभग 45 मिनट तक मार्ग जमा रहा। दो किलाेमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
प्रशासन ने लोगों को बंदरों को पकड़ने के लिए नालंदा जिले से एक टीम को बुलाए जाने का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग माने। इसके बाद सड़क मार्ग पर वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ।
बता दें कि उल्टानाथ महादेव स्थान, पुरानी बाजार सहित अन्य मोहल्ले चार बंदरों के उत्पात से सभी लोग परेशान हैं। बंदरों ने शुक्रवार को कारू शर्मा, मनोज शर्मा की बेटी, मनोज की पत्नी, अधिवक्ता अशोक सिंह, मनोज मंडल, प्रदीप प्रसाद, रोहित कुमार, मु. जुबेर सहित कई अन्य लोगों को शिकार बनाया।
Munger News: जमालपुर में होली की खूनी शाम... दो पक्षों में हुई हिंसक झड़प में एक की मौत, चार की हालत गंभीर यह भी पढ़ें
बंदर लोगों के घरों से सामान उठा ले जाते है। इतना ही नहीं रास्ते से जा रहे राहगीरों पर भी बंदर हमला कर रहे हैं। इस कारण वाहन चालक सड़क पर गिर रहे हैं। इससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। उत्पाती बंदरों के डर से लोग छतों पर अपने कपड़े या कोई भी सामान नहीं रख पा रहे हैं।
लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। बंदरों का सामना करने के लिए लोग डंडे के साथ मोहल्ले में घूम रहे हैं। लोग छतों पर भी डंडा के साथ रखवाली कर रहे हैं।
Bihar: मुंगेर में होली का रंग बदरंग, तेज रफ्तार दो बाइकों के बीच भीषण टक्कर में एक की मौत; पांच युवक जख्मी यह भी पढ़ें
तारापुर एसडीओ रंजीत कुमार ने कहा कि बंदरों को पकड़ने के लिए जिला वन पदाधिकारी को कहा गया है। एक टीम बंदरों को पकड़ने के लिए भेजी जा रही है। लोग शांतिपूर्ण रहें, बंदरों को पकड़ कर वन विभाग टीम ले जाएगी।

अन्य समाचार