Jehanabad News: डिप्टी सीएम की फटकार के बाद सिंचाई परियोजना का कैशियर गिरफ्तार, 1 करोड़ 32 लाख गबन का आरोप



जहानाबाद, जागरण संवाददाता। जहानाबाद उदेरा स्थान सिंचाई परियोजना में एक करोड़ 32 लाख 20 हजार रुपये के गबन मामले में रविवार को पुलिस ने मुख्य आरोपित कैशियर राजू कुमार को गिरफ्तार किया है। यह मामला सदर थाने की पुलिस एक साल से दबाए बैठी थी। गत दिनों वाणावर दौरे पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के संज्ञान में मामला आने पर पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाने के बाद यह गिरफ्तारी संभव हो पाई है।

मामले में एक अन्य आरोपित तत्कालीन कार्यपालक अभियंता अभी फरार ही है। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना उदेरा स्थान सिंचाई परियोजना में ठेकेदार से लेकर विभागीय अधिकारी व कर्मी ने भ्रष्टाचार की गंगा में जमकर डुबकी लगाई थी। करोड़ों की इस योजना में गबन का भंडाफोड़ तब हुआ, जब निर्माण एजेंसी द्वारा सिक्योरिटी मनी के रूप में जमा एक करोड़ 32 लाख 20 हजार की एफडी को मिलीभगत से वारा न्यारा कर दिया गया।

मामले में सदर थाने में दो-दो प्राथमिकी की गई थी, लेकिन आरोपितों की गिरफ्तारी एक साल तक नहीं हो सकी। सबसे पहले वर्ष 2018 में तत्कालीन कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार की लिखित शिकायत पर निर्माण एजेंसी एवं बैंक प्रबंधक के खिलाफ सदर थाने में सरकारी राशि के गबन का केस दर्ज कराया गया। मामला हाई प्रोफाइल होने के कारण यह थाने की फाइलों में दबा रहा। तब तक कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार सेवानिवृत्त हो गए।

मामला विभाग के मंत्री और आला अधिकारी तक पहुंचने के बाद इस मामले की विभागीय जांच की गई। विभागीय जांच में तत्कालीन कार्यपालक अभियंता अरविंद कुमार और रोकड़पाल राजू कुमार समेत कई लोगों को दोषी पाया गया। विभाग ने वर्तमान कार्यपालक अभियंता को तत्कालीन कार्यपालक अभियंता एवं रोकड़पाल राजू कुमार समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज करने का निर्देश दिया।
मामले को मखदुमपुर विधायक सतीश कुमार ने विधानसभा में भी उठाया था। मामला गर्म होने के बाद आनन-फानन सदर थाने में कांड संख्या 142/22 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 409, 420, 467, 468, 471 व 120 बी के तहत केस दर्ज किया गया। मामला तो दर्ज हो गया, लेकिन पुलिस की कृपा आरोपितों पर बनी रही। केस में कई अनुसंधानकर्ता आए और चले गए। इसी तरह एक साल गुजर गए।

केस के अनुसंधानकर्ता और सदर थानाध्यक्ष ने इतनी बड़ी सरकारी राशि के गबन मामले में कोई तत्परता नहीं दिखाई। उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव गत दिनों वाणावर के दौरे पर पहुुंचे थे। मखदुमपुर विधायक सतीश कुमार ने उनके सामने सारे तथ्यों को रखा, जिसपर उप मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को फटकार लगाते हुए एसपी को 15 दिनों के अंदर आरोपितों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया, उसके बाद पुलिस हरकत में आई और एक आरोपित रोकड़पाल की गिरफ्तारी हो सकी।

अन्य समाचार