Bihar: बेतिया में पति की हैवानियत, पत्नी की हत्या कर बच्चों से बोला- मम्मी मामा के घर चली गई; बेटी ने खोला राज



बेतिया (पश्चिम चंपारण), जागरण संवाददाता। पश्चिम चंपारण के बेतिया में नौतन थाना क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुर गांव में रविवार की शाम छह बजे नशेड़ी पति ने अपनी पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। फिर शव को मवेशी बांधने वाली झोपड़ी में छुपा दिया। बच्चे गांव में खेलने गए थे। बच्चे जब घर लौटे तो मां के बारे में पूछने लगे। इसपर पति ने कहा कि मम्मी मायके चली गई है।

इसके बाद मृतका की बड़ी बेटी अंजली कुमारी ने अपने मामा को फोन किया, जिसके बाद आरोपित घर से फरार हो गया। ग्रामीणों की सूचना पर देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और मवेशी बांधने वाली झोपड़ी से शव बरामद किया गया। मृतका की पहचान लक्ष्मीपुर गांव निवासी अशोक मुखिया की पत्नी कुंति देवी (32 वर्ष) के रुप में की गई है।
Bihar: बेतिया में भाजपा नेता की हत्या, ससुराल में गन्ने के खेत से मिला शव; गला दबाकर हत्या की आशंका यह भी पढ़ें
मृतका के चाचा मियांपुर वेलबनवा निवासी नकछेद मुखिया ने बताया कि उनकी भतीजी की शादी 2005 में हुई थी। पति को नशे की लत थी, जिसके कारण पति-पत्नी के बीच बराबर विवाद होता था। पत्नी के समझाने के बाद भी उसका पति अशोक मुखिया नशा नहीं छोड़ रहा था। रविवार की शाम में अशोक मुखिया शराब पीकर घर आया था। उसकी पत्नी ने विरोध किया तो वह मारपीट करने लगा।

मृत महिला के चाचा ने बताया कि फोन पर सूचना मिली तो हमलोग आए। उसकी भतीजी की हत्या कर शव को छुपाकर रखा था। मृतका की बड़ी पुत्री अंजली कुमारी (14 वर्ष) ने बताया कि जब वह अपनी मां के बारे में पिता से पूछी तो उन्होंने कहा कि मामा के घर चली गई। जब अपने मामा से फोन पर जानकारी ली तब मामला सामने आया। मृतका को तीन पुत्री अंजली (14 वर्ष), रागनी (12 वर्ष), प्रियंका (8 वर्ष) एवं एक पुत्र शिव कुमार (10 वर्ष) है। चारों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष खालिद अख्तर ने बताया कि मृतका के शरीर पर कोई निशान नहीं मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल बेतिया भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण का पता चल पाएगा। मृतका की बड़ी बेटी अंजली कुमारी व मृत महिला के चाचा के बयान के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

अन्य समाचार