बेतिया: भाजपा नेता की हत्या में मंडल उपाध्यक्ष समेत पांच के खिलाफ FIR दर्ज, संजय जायसवाल बोले- न्याय होगा



मझौलिया, संवाद सूत्र। थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव निवासी भाजपा नेता भुनेश्वर प्रसाद कुशवाहा उर्फ भुनेश्वर भगत (60) की हत्या मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
प्राथमिकी मृतक के पुत्र विजय भगत ने दर्ज कराई है। प्राथमिकी में माधोपुर के भाजपा मंडल उपाध्यक्ष कौशल किशोर सिंह, अवध किशोर सिंह, भूषण सिंह, पूर्वी चंपारण जिले के सुगौली निवासी जुमराजी शेख, छपवा निवासी धर्मेंद्र सरार्फ को नामजद किया गया है।

आरोप है कि ये सभी लोग प्रॉपर्टी डीलर का काम करते हैं। इनके साथ ही भुवनेश्वर भगत रहते थे। साजिश के तहत उन्हें खाने के लिए घर बुलाकर उनकी हत्या कर दी गई और शव को सरेह में फेंक दिया गया।
मामले में इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया कि आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है। थानाध्यक्ष खुद इस मामले की जांच कर रहे हैं। बहुत जल्द हत्या की गुत्थी सुलझा ली जाएगी।
Bihar: बेतिया में पति की हैवानियत, पत्नी की हत्या कर बच्चों से बोला- मम्मी मामा के घर चली गई; बेटी ने खोला राज यह भी पढ़ें
बता दें कि 12 मार्च की शाम में भुनेश्वर भगत गांव के ही भाजपा नेता माधोपुर बाबूटोला निवासी कौशल किशोर सिंह के घर गए थे। वे फोन कर बताए थे कि खाना खाकर आएंगे।
रात नौ बजे तक वापस नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू की गई। उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था। इसी बीच सुबह में गांव के लोग सरेह में गए तो शव बरामद किया गया।
वहीं कौशल किशोर सिंह ने बताया कि भुनेश्वर भगत अक्सर उनके यहां आते-जाते थे। सोमवार की शाम करीब आठ बजे खाना खाए और चले गए।
Bihar: बेतिया में भाजपा नेता की हत्या, ससुराल में गन्ने के खेत से मिला शव; गला दबाकर हत्या की आशंका यह भी पढ़ें
रात करीब नौ बजे उनके स्वजन उनके बारे में पूछताछ करने आए थे। इधर, इस घटना को लेकर लोग तरह-तरह की आशंका व्यक्त कर रहे हैं।
पश्चिम चंपारण सांसद सह भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि बहुत जल्द भाजपा नेता भुनेश्वर भगत की हत्या का मामला उजागर होगा।
इसके लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस प्रशासन सहित वे स्वयं चाहते हैं कि हत्याकांड से पर्दा जल्द से जल्द हटे।

मौके पर रोते बिलखते परिजन को सांसद ने यथाशीघ्र न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। कहा कि किसी भी कीमत पर हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा।
मौके पर मझौलिया इंसपेक्टर सह थानाध्यक्ष अभय कुमार, जिलाध्यक्ष रूपक श्रीवास्तव, जुगल किशोर सिंह, पैक्स अध्यक्ष मनोज कुमार उर्फ राजू सिंह, पूर्व पार्षद विवेक श्रीवास्तव, लालबाबू शर्मा, अनूप सहनी, रंजीत चौधरी, जितेन्द्र चौधरी, मन्नू दास, पूर्व सरपंच शशिभूषण प्रसाद, कमल मुखिया, रामनूप पांडेय, शंभु भारती सहित कई ग्रामीण मौजूद थे।

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व उपमुख्यमंत्री रेणु देवी ने भी मृतक के परिजन से मिलकर सांत्वना देते हुए न्याय दिलाने का भरोसा दिया।

अन्य समाचार