Bihar News: अंगूरों से लदा ट्रक पलटकर NH-57 से नीचे गिरा, चालक की मौत; कर्नाटक से पूर्णिया जा रहा था माल



संवाद सूत्र, फारबिसगंज (अररिया): कर्नाटक से बिहार के पूर्णिया जा रहा अंगूर से लदा ट्रक बुधवार सुबह अनियंत्रित होकर पलट गया। यह घटना फारबिसगंज के एनएच-57 रामपुर ओवरब्रिज के पास हुई, जिसमें ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई और खलासी भी बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों ने खासा मशक्कत कर घायल चालक को ट्रक से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतक चालक की पहचान महाराष्ट्र के सांगली गांव निवासी बन्डो नाइक के पुत्र चिंगी बादशाह नाइक के तौर पर हुई है।


ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे गिरा
हादसे में घायल खलासी नजमुद्दीन नदाफ ने बताया कि वे लोग कर्नाटक के भैरोर से ट्रक संख्या एमएच 100 टी 3222 पर अंगूर लादकर पूर्णिया के लिए निकले थे। फारबिसगंज में सुबह अचानक ट्रक अनियंत्रित होकर हाईवे से नीचे पलट गया। सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय से दरोगा समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घटना की पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष आफताब अहमद ने कहा कि सड़क दुर्घटना में ट्रक पलट जाने के कारण चालक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के स्वजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। मामले में पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

अन्य समाचार