भभुआ में एक हफ्ते से गायब शख्स की संदिग्ध हालात में मौत, पानी भरे गड्ढे में मिला शव; नए मकान में सोने गया था



जासं, भभुआ। कैमूर जिले के भभुआ नगर के वार्ड नंबर 14 में स्थित पानी भरे गड्ढे में गुरुवार को एक सप्ताह पहले गायब हुए युवक का शव बरामद हुआ।
मृतक की पहचान नगर के वार्ड नंबर 15 निवासी जगलाल पासी के पुत्र संतोष कुमार पासी 41 वर्ष के रूप में हुई है।
शव गड्ढे में होने की जानकारी मिलते ही मौके पर वार्ड 14 व 15 के अलावा अन्य वार्डों के लोग भी पहुंच गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची।

कुछ लोगों ने पानी भरे गड्ढे में उतरकर शव को बाहर निकाला। शव एक सप्ताह तक पानी में रहने के चलते पूरी तरह सड़ गया था।
इसके चलते शव से काफी दुर्गंध उठ रही थी। जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार पासी बीती नौ मार्च की रात सीवों मौजा में स्थित अपने नए मकान पर सोने के लिए गया था।
दस मार्च की सुबह वह घर नहीं लौटा। इसके बाद स्वजन दोस्त और रिश्तेदारी में पता करने लगे। लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
नाना ने नाती को भेजा जेल: FIR में कहा- आरोपी ने धोखाधड़ी कर बैंक से निकाले 1.38 लाख रुपये, ATM बदलते हुए पकड़ा यह भी पढ़ें
12 मार्च को संतोष की पत्नी ने अपने पति के गायब होने की जानकारी थाने में आवेदन देकर दी। इसके बाद भी स्वजन खोज रहे थे और पुलिस भी अपने स्तर से कार्रवाई कर रही थी।
गुरुवार को गड्ढे की तरफ कुछ बच्चे जा रहे थे। इसी दौरान बच्चों ने शव देखा तो इसकी जानकारी दी। इसके बाद शव निकाला गया तो वह संतोष कुमार पासी का था।
संतोष का शव मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी होने पर एसपी हृदयकांत, एसडीपीओ सुनील कुमार सिंह व थानाध्यक्ष रामानंद मंडल पुलिस बल के साथ पहुंचे।

पुलिस पदाधिकारियों ने जिस घर से संतोष गायब हुआ था, वहां भी जांच की। उधर, शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में तीन सदस्यीय मेडिकल टीम ने किया।
फिलहाल युवक की मौत कैसे हुई यह स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बताया जाता है कि मृतक के तीन पुत्र व एक पुत्री हैं।


अन्य समाचार