लखीसराय: पुलिस नक्सल गतिविधियों पर कस रही शिकंजा, एआइवाइएफ का राज्य सचिव रौशन सिन्हा गिरफ्तार



संवाद सहयोगी, लखीसराय। लखीसराय मंडल कारा में बंद बांका जिले का हार्डकोर नक्सली मनश्याम दास उर्फ सुदामा उर्फ सुरेश उर्फ राहुल का खास सहयोगी ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन के राज्य सचिव रौशन कुमार सिन्हा को जिला पुलिस ने सूचना पर गुरुवार को बड़हिया से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार छात्र नेता लखीसराय शहर के वार्ड नंबर 21 पचना रोड संसार पोखर सूर्यमठ नगर मोहल्ले का निवासी है। इसकी तलाश लंबे समय से पुलिस कर रही थी।

रौशन सिन्हा हार्डकोर नक्सली मनश्याम दास के साथ मिलकर लखीसराय में फर्जी आधार कार्ड एवं अन्य आधारभूत सामग्रियों को उपलब्ध कराते हुए उग्रवादी गतिविधियों में सक्रिय था।
वह नक्सली संगठन के शीर्ष नेता प्रवेश दा का करीबी बन गया था। इसकी गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। एसपी पंकज कुमार ने गुरुवार की देर शाम अपने कार्यालय कक्ष में मीडिया को इसकी जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार रौशन सिन्हा कजरा थाना में दर्ज कांड का वांछित आरोपित था। इसके अलावा उसके विरुद्ध किऊल रेल थाना और कबैया थाना में भी केस दर्ज है।
Lakhisarai: तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर, सामने से आ रहे वाहन ने एक भाई को कुचला; दूसरा गंभीर घायल यह भी पढ़ें
पिछले साल 17 जून को अग्निवीर योजना के विरोध में आंदोलन के दौरान लखीसराय स्टेशन पर विक्रमशिला एक्सप्रेस ट्रेन और जनसेवा एक्सप्रेस ट्रेन में हुई आगजनी की घटना का भी वह आरोपित है।
एसपी ने बताया कि स्टेशन पर हुई आगजनी की घटना में उसने इंटरनेट मीडिया के जरिए युवाओं को भड़काने एवं ट्रेन जलाने का काम किया था।
एसपी ने बताया कि जेल में रौशन सिन्हा की मदद से नक्सली मनश्याम दास शहर के नया बाजार में एक किराए के मकान में फर्जी पहचान पत्र के आधार पर तीन साल से रह रहा था।

वह माओवादी संगठन को मजबूत करने और युवाओं को संगठन से जोड़ने का काम रौशन सिन्हा के साथ मिलकर करता था।
नक्सली मनश्याम दास की गिरफ्तारी पूर्व में तेलांगना पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर हुई थी। इसके बाद ही छात्र नेता रौशन सिन्हा का नक्सली कनेक्शन पुलिस को हाथ लगा था।
मनश्याम रौशन के घर भी आता जाता था। एसपी ने कहा कि रौशन सिन्हा की गिरफ्तारी पुलिस की बड़ी उपलब्धि है। टीम में शामिल सभी पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

अन्य समाचार