सीतामढ़ी: इंडो-नेपाल सीमा पर एक चीनी महिला सहित तीन नेपाली और एक भारतीय नागरिक को एसएसबी ने पकड़ा



सोनबरसा (सीतामढ़ी), संवाद सहयोगी। भारत-नेपाल के सोनबरसा बॉर्डर पर गुरुवार को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने एक चीनी महिला सहित चार अन्य को हिरासत में लिया।
इन सभी को सोनबरसा थाना पुलिस ने बाद में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार चाइनीज महिला (तिब्बती) से साेनबरसा पुलिस पूछताछ कर रही है।
बताया जाता है कि महिला के साथ कुल चार लोग थे, जो भारतीय सीमा में वाहन (बीआर 06 सीके/ 8059) से भारत से नेपाल में घुसने का प्रयास कर रहे थे।

इसी क्रम में बॉर्डर पर पिलर संख्या 326/32 के समीप हनुमान मंदिर चौक पर तैनात एसएसबी जवानों ने वाहन जांच के दौरान संदेह के आधार पर उन्हें पकड़ा।
भाषाई बोलचाल संदिग्ध लगने पर ही जवानों का माथा ठनक उठा। एक चीनी महिला के साथ तीन नेपाली और एक भारतीय नागरिक हैं।
भारतीय नागरिक वाहन का चालक बताया जा रहा है। पूछताछ के क्रम में चीनी महिला ने बताया कि वह बोधगया में कालचक्र पूजा में शामिल होने के लिए भारत पहुंची थी।
घूसखोरी पर वार: सीतामढ़ी के नए DEO को रिश्वत लेते दबोचा, रात में संभाला पदभार सुबह होते ही गिरफ्तार यह भी पढ़ें
पूजा के बाद वह नेपाल के रास्ते चीन वापस लौटने वाली थी। पूछताछ के दौरान पता चला कि महिला के पास भारत में प्रवेश के लिए वीजा व पासपोर्ट नहीं है।
हालांकि, चीनी महिला के पास से दूसरी कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई। इससे पूर्व भी चीनी महिला दो बार बिना पर्याप्त दस्तावेज के बोधगया के कालचक्र पूजा में शामिल होने आ चुकी है और बेरोकटोक वापस चीन लौट गई थी।
हिरासत में ली गई चीनी महिला का नाम येंकी है जिसकी उम्र तकरीबन 44 वर्ष है। चीनी महिला के साथ हिरासत में लिए गए नेपाली नागरिक सर्लाही जिला के नारायण खोला निवासी प्रेम बहादुर लामा के 63 वर्षीय पुत्र विश्व कुमार लामा, उसकी पत्नी 54 वर्षीय संजू लामा और नेत्रागंज निवासी विश्व कुमार लामा की 48 वर्षीय पत्नी कमला लामा हैं।

वहीं, उनके साथ गिरफ्तार किया गया भारतीय नागरिक पूर्वी चंपारण जिले के गोविंदपुर का रहने वाला मोहम्मद जहूर के पुत्र 37 वर्षीय मोहम्मद सलाहुदीन बताया गया है।
गौरतलब है कि सीतामढ़ी की भारत-नेपाल सीमा से पिछले एक साल के दौरान इस तरह विदेशी नागरिकों के पकड़े जाने की यह तीसरी घटना है।
लगातार चीनी नागरिकों की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया विभाग के कान खड़े हो गए हैं।

अन्य समाचार