सगे भाइयों की एकसाथ उठी अर्थी: मां-बहन हुईं बेहोश, छलक पड़ी हर आंख; पिता पहले ही नहीं रहे, अब बेटे भी छोड़ गए



संवाद सूत्र, लकड़ी नबीगंज: सिवान जिले के जीबी नगर थाना क्षेत्र के तरवारा स्थित मजहरुल हक कॉलेज के पास एनएच-227 पर दो सगे भाई एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना शुक्रवार देर शाम की है। पुलिस शवों का पोस्टमार्टम करा स्वजनों को सौंप दिए।
मृतकों की पहचान गोरेयाकोठी थाना क्षेत्र के दक्षिण सरारी नोनिया टोला निवासी पान महतो के बेटे भाइयों— धर्मेंद्र महतो और जितेंद्र महतो के तौर पर हुई है। जब दोनों के शव गांव पहुंचे तो कोहराम मच गया। मां समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। शनिवार को दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। जब एक ही घर से दो जवान बेटों की अर्थी एक साथ उठी तो वहां मौजूद हर आंख आंसू छलक आया।

बताया जाता है कि दोनों सरारी प्लस टू उच्च सह इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट के छात्र थे। धर्मेंद्र और जितेंद्र के पिता का निधन पहले ही हो चुका था। हालांकि, दोनों भाइयों का विवाह नहीं हुआ था। मृतक दो भाई और एक बहन थे। दोनों भाईयों की मौत के बाद अब सिर्फ मां और इकलौती बेटी रह गई है।
बता दें कि पिता की मौत के बाद इन दोनों भाइयों पर घर की जिम्मेवारी थी। इन दोनों भाइयों की मौत के बाद घर का चिराग बुझ गया। इस घटना के बाद गांव में मृतक की मां इंदु कुंवर एवं बहन मीरा कुमारी का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के ग्रामीण स्वजनों को ढांढस बंधा रहे थे।

अन्य समाचार