स्कार्पियो से टकरा कर पलट गयी मुर्गों से भरी पिकअप वैन, मदद करने की बजाय लोगों ने लूट लिए 12 क्विंटल मुर्गे

21 Mar, 2023 03:47 PM | Saroj Kumar 215

बांका जिले में भागलपुर-हंसडीहा मुख्य मार्ग के तेरह माइल चौक के पास सोमवार को मुर्गे से भरी एक पिकअप गाड़ी पलट गई। इसके बाद स्थानीय लोगों में मुर्गा लूटने की होड़ मच गई। जिसके हाथ में जितने मुर्गे आए, वो लेकर भागते गए। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भागलपुर से एक पिकअप गाड़ी मुर्गा लोड कर रजौन बाजार स्थित फार्म हाउस जा रही थी, वहीं पुनसिया की ओर से एक स्कार्पियो तेज रफ्तार में आ रही थी। रास्ते में तेरह माइल चौक के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जोरदार टक्कर के बाद मुर्गा लोडेड पिकअप वाहन घटनास्थल पर ही एक पानी भरे गड्ढे में पलट गई। टक्कर लगने से स्कार्पियो भी क्षतिग्रस्त हो गयी, हालांकि स्कार्पियो के अंदर बैठे लोग बाल-बाल बच गए।


लोगों ने लूटे करीब 12 क्विंटल मुर्गे
वहीं, मुर्गा लोडेड पिकअप वैन का चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया। इधर जैसे ही आसपास गांव के लोगों को मुर्गे से भरे वाहन पलटने की खबर लगी, वैसे ही बच्चे, जवान, बूढ़े सब पिकअप वैन के पिंजरे से मुर्गा निकालने टूट पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोग दोनों हाथों में मुर्गा लेकर भागते दिखे। इस तरह कुछ ही घंटे में आसपास के गांव के लोगों ने 24 क्विंटल मुर्गों में से करीब 12 क्विंटल मुर्गे लूट लिए।
जब तक स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तब तक लोग आधे से अधिक मुर्गे लूट कर फरार हो चुके थे। जबकि, कुछ मुर्गों की वाहन के अंदर ही दबकर मौत हो गयी। कुछ जिंदा मुर्गो को आनन-फानन में बाहर निकाल कर दूसरे वाहन से मुर्गा फार्म हाउस ले जाया गया। थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मुर्गा लोडेड पिकअप और स्कार्पियो को घटनास्थल से जब्त कर थाने लाया गया है।

अन्य समाचार