नालंदा: तेल्हाड़ा बाजार में युवक के गले में घुसा भाला; जख्मी हालत में रेफर, एक गिरफ्तार



संवाद सूत्र, एकंगरसराय (नालंदा)। बिहार के नालंदा जिले के एकंगरसराय के तेल्हाड़ा बाजार में शुक्रवार को दोपहर में एक युवक के गले में भाला घुस जाने से वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
उसे चिंताजनक स्थिति में एकंगरसराय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से विम्स पावापुरी रेफर कर दिया गया है। बताया जाता है कि पक्षी मारने वाले दो शख्स अपने कंधे पर भाला लेकर तेल्हाड़ा बाजार से गुजर रहे थे।

उनके पीछे-पीछे युवक साइकिल पर आ रहा था, तभी भाला लिए हुए दोनों व्यक्ति एकाएक रुक गए और पीछे से साइकिल पर आ रहा युवक यह देख नहीं पाया।
एकाएक दोनों के रुकने के कारण उनका भाला साइकिल सवार युवक के गले में घुस गया। युवक तेल्हाड़ा थाना के मानसिंगपुर गांव निवासी नगेन्द्र प्रसाद का 16 वर्षीय पुत्र चंदन कुमार है।
अकस्मात दुर्घटना को देख दोनों व्यक्ति भागने लगे, जिसमें से एक व्यक्ति को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। भाला इस कदर नुकीला एवं तिरछा था कि काफी प्रयास के बाद भी युवक के गले से नहीं निकल पाया।
Biharsharif: बिहारशरीफ में अज्ञात वाहन की टक्कर से मामा-भांजी की मौत, सड़क हादसे में भांजा घायल यह भी पढ़ें
स्थानीय पुलिस के सहयोग से उसे एकंगरसराय अस्पताल लाया गया, जहां से स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे विम्स रेफर कर दिया गया।
यहां पर भी चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया। इसके बाद स्वजन उसे बिहारशरीफ के एक निजी क्लीनिक लेकर चले गए।
थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि घटना अकस्मात दुर्घटनावश घटी है। इस मामले में पकड़े गए व्यक्ति सरवन गुलगुलिया को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

अन्य समाचार