Bihar: भोजपुर में बदमाशों ने घर में घुस आठ साल की बच्ची को गोली मारी, मौत; जमीनी विवाद में हत्या की आशंका



आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर में बेखौफ अपराधियों ने देर रात घर में घुसकर एक आठ साल की बच्ची की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा है। बताया जा रहा है कि जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत भेंलाई रोड स्थित एक घर में शुक्रवार की देर रात हथियारबंद अपराधी घुस गए और फायरिंग कर दी। इस दौरान आठ साल की आराध्या सिंह को गोली लगी और उसकी मौत हो गई।
मृतका आठ वर्षीय आराध्या सिंह के पिता कृष्णा कुमार सिंह मूलरूप से रोहतास के दिनारा थाना के कुंड गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में परिवार भेंलाई रोड में मकान बनाकर रहता है। बच्ची के पिता दिनारा में पोल्ट्री फार्म चलाते हैं।

बच्ची के पिता ने बताया कि चार की संख्या में हमलावर घर में घुसे थे। मृतका के दाएं पंजरी में गोली के जख्म का निशान पाया गया है। घटना का कारण पूर्व से चला आ रहा भूमि विवाद बताया जा रहा है। पूर्व में भी हत्या हो चुकी है। मृतक के पिता ने नामजद लोगों पर हत्या कराने का आरोप लगाया है।
पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।शनिवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल आरा में कराया गया। यह खबर लगातार अपडेट की जा रही है...

अन्य समाचार