तीन दिन से गायब जीविका कर्मी का खेत में मिला शव, सवा साल का बेटा लापता, पंजाब में पति, बेटियों ने की शिनाख्त



 संवाद सहयोगी, शिवहर: शिवहर में एक महिला जीविका कर्मी की चाकू मारकर हत्या कर दी और सबूत मिटाने के लिए शव गांव से सटे सरेह स्थित खेत में फेंक दिया। अपराधियों ने महिला के सवा साल के बच्चे को भी गायब कर दिया। रविवार को महिला का शव मिलने के बाद शिवहर थाना क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरोजा सीताराम सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने शव के पास से एक चाकू भी बरामद किया है। पुलिस की टीम मामले की जांच में जुट गई है। महिला के गायब बच्चे की भी तलाश की जा रही है।

मृतक महिला की पहचान परदेसिया वार्ड चार निवासी प्रमोद राम की पत्नी सविता देवी (35 वर्ष) के रूप में की गई है। महिला की बेटियों ने पुलिस को दिए गए बयान में अपनी मां को गांव के ही पवन साह के साथ घर से निकलने की जानकारी दी है। इसके आधार पर पुलिस पवन साह की तलाश में जुट गई है। उधर, घटना की सूचना के बाद सविता देवी का पति पंजाब से घर के लिए रवाना हो गया है। पुलिस भी मृतका के पति के आने का इंतजार कर रही है।
शिवहर में आग का तांडव, मां और नवजात जिंदा जले; विकराल लपटों की आगोश में आए कई घर; आधा दर्जन मवेशियों की भी मौत यह भी पढ़ें
जानकारी के मुताबिक, सविता देवी का पति पंजाब में रहता है। वह अपनी दो बेटी 5 साल की कामिनी कुमारी, आठ साल की शालिनी कुमारी और सवा साल के पुत्र सुजीत कुमार के साथ गांव में रहती थी। वह जीविका से भी जुड़ी दी थी। इस क्रम में वह जीविका के काम से गांव के ही पवन साह नामक युवक के साथ आती-जाती थी। सविता देवी शुक्रवार को अपने सवा साल के बेटे को गोद में लेकर घर से निकली थी, लेकिन वापिस नहीं लौटी। बेटियों ने इस बात की जानकारी फोन पर अपने पिता को दी।
शिवहर: कचरा प्रबंधन से डेढ़ साल में बदली हरनाही पंचायत की तस्वीर, सड़कों पर अब नहीं दिखती गंदगी यह भी पढ़ें
पंजाब से उसके पिता ने रविवार को नगर थानाध्यक्ष को मोबाइल पर कॉल कर पत्नी के गायब होने की जानकारी दी। इसके दो घंटे बाद ही खेत में काम करने गए लोगों की नजर महिला के शव पर पड़ी और पुलिस ने खेत से शव बरामद किया। सविता देवी की बेटियों ने शव की शिनाख्त की। नगर थानाध्यक्ष सामर्थ्य कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। महिला की चाकू मारकर हत्या की गई है।

शव देखकर लगता है कि हत्या दो-तीन दिन पहले कर दी गई हो। शव की हालत बेहद बिगड़ी हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं उसके पति के आने का इंतजार किया जा रहा है। बताया कि तत्काल घटना का कारण अस्पष्ट है।

अन्य समाचार