Bhojpur Crime: भोजपुर में जमीन के विवाद में मार्केट के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर



जाटी, आरा/उदवंतनगर। भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र के दक्षिण एकौना केन्द्रीय विद्यालय के समीप स्थित मार्केट में शुक्रवार दोपहर हथियारबंद बदमाशों ने भूमि विवाद को लेकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
हालांकि, संयोग से कोई हताहत नहीं हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर आसानी से फरार हो गए। इस दौरान वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में वारदात कैद हो गई।
पुलिस को फायरिंग किए जाने की फुटेज मिली है। फुटेज में दो-तीन लोग नजर आ रहे हैं। एक शख्स फायरिंग करते दिख रहा है। करीब आठ-दस राउंड फायरिंग की बात सामने आ रही है।

हालांकि, पुलिस सिर्फ पांच राउंड फायरिंग की पुष्टि कर रही है। पुलिस को घटनास्थल से पांच खोखे भी मिले हैं। दुकान के शटर पर गोली का निशान पाया गया है।
इधर, भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर पूर्व से चली आ रही रंजिश में फायरिंग की घटना घटित हुई है।
इसे लेकर मार्केट मालिक विकास सिंह ने राजेश सिंह, रवि सिंह, अंकित सिंह व अलख सिंह के विरुद्ध नामजद एवं चार अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी कराई गई है।
Bhojpur: घर में रखी पिस्टल से खेल-खेल में चली गोली से गई थी आठ साल की आराध्या की जान, पिता गिरफ्तार यह भी पढ़ें
गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एसपी के अनुसार दक्षिण एकाैना गांव निवासी ददन सिंह और चंद्रदेव सिंह दोनाें सगे भाई हैं।
उन्हीं के बेटों के बीच में फायरिंग की यह घटना हुई है। आरोप है कि चंद्रदेव सिंह के बेटों ने ददन सिंह के बेटों पर झगड़े के दौरान पांच राउंड फायरिंग की।
इधर, विकास सिंह ने बताया कि उनके पिता ददन सिंह का उनके बड़े भाई व उसके चाचा चंद्रदेव सिंह से जमीन को लेकर विवाद चला रहा है।
Bihar: 29 साल बाद रिहा हुए भगवान, श्री राम के जयकारे से भक्तिमय हुआ थाना; मंदिर तक रथ के पीछे-पीछे गई पुलिस यह भी पढ़ें
घटना के समय वे अपने मार्केट के पास सफाई करवा रहे थे। इस दौरान उनके चाचा चन्द्रदेव सिंह के लड़के अपने आठ सहयोगियों के साथ जमीन पर पिलर गाड़ कर उनके मार्केट के पास आ धमके।
इसके बाद जमीन पर जाने पर गोली मारने की धमकी देने लगे। इस बात को लेकर उनके बीच नोंकझोंक हुई। इसके बाद एकाैना स्थित मार्केट पर उसके चाचा चंद्रदेव सिंह के लड़के व अन्य सहयोगियों द्वारा ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की गई।
Bhojpur: अखाड़ा बना आरा सदर अस्पताल, सगे भाई के परिवार आपस में भिड़े; लात-घूंसे चलाने में महिलाएं भी रहीं आगे यह भी पढ़ें
विकास सिंह ने बताया कि आरोपित हत्या की नीयत से आए थे। उन्होंने गोली उनके ऊपर चलाई थी। लेकिन, गोली मोबाइल दुकान के शटर में जा लगी। वे बाल-बाल बच गए। एक कट्ठा जमीन की पैमाइश करवाकर पिलर गाड़ा गया है।

विकास सिंह ने बताया कि फायरिंग के दौरान जान बचाकर भागना पड़ा। भागने के क्रम में दो लोगों को मामूली चोटें भी आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष काजल जयसवाल सशस्त्र बल के साथ वहां पहुंच गईं। घटनास्थल पर पांच खोखे बरामद किए गए हैं। 
इस दौरान मार्केट के पास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला गया। सीसीटीवी फुटेज की जांच कर पुलिस गिरफ्तारी में जुट गई है।
एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि दक्षिण एकौना के पास दो लोगों के आपसी जमीन विवाद को लेकर फायरिंग की घटना हुई है।



अन्य समाचार