Bhojpur: भोजपुर में विश्वविद्यालय से घर लौट रहे साइकिल सवार गार्ड को सीने पर मारी गोली, हमलावर फरार



जागरण संवाददाता, आरा। भोजपुर जिले के उदवंतनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत आरा-सहार पथ पर देवरिया गांव के समीप शुक्रवार की शाम हथियार बंद तत्वों ने एक साइकिल सवार गार्ड को गोली मार दी और फरार हो गए।
घायल 38 वर्षीय विजय सिंह उर्फ विनय यादव उदवंतनगर के जयनगर गांव निवासी शिवजी यादव का पुत्र है। इलाज के लिए आरा शहर के निजी अस्पताल में उसे भर्ती कराया गया है।
गोली सीने के पास लगी है। विजय सिंह आरा शहर के कतीरा स्थित वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में गार्ड के तौर पर कार्यरत है। इधर, घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष काजल जयसवाल घटनास्थल के लिए रवाना हो गईं।

जानकारी के अनुसार, शुरुआती जांच में गांव के पड़ोसी से नाली के पानी को गिराने को लेकर पूर्व से विवाद चले आने की बात सामने आ रही है।
इधर, घायल विजय के पुत्र राजवीर सिंह ने बताया कि उसके पिता विजय सिंह उर्फ विनय यादव प्रतिदिन की तरह शुक्रवार को भी आरा शहर के कतीरा स्थित वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में ड्यूटी पर आए थे।
Bhojpur Crime: भोजपुर में जमीन के विवाद में मार्केट के पास ताबड़तोड़ फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुए हमलावर यह भी पढ़ें
शाम के समय ड्यूटी कर वह साइकिल से घर लौट रहे थे। इस बीच आरा-सहार पथ पर देवरियां गांव के समीप पूर्व से घात लगाए हथियार बंद तत्वों ने उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए। गोली लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़े।
इसके बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। बाद में घायल को इलाज के लिए आरा शहर के बाबू बाजार स्थित डा. विकास सिंह के निजी अस्पताल में लाया गया। जहां पर सीने के पास फंसी गोली को ऑपरेशन कर निकाला जा रहा है।
Bhojpur: घर में रखी पिस्टल से खेल-खेल में चली गोली से गई थी आठ साल की आराध्या की जान, पिता गिरफ्तार यह भी पढ़ें
इधर, भोजपुर एसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि एक गार्ड को किसी ने गोली मारी है। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूचना पर पुलिस आरोपितों का पता कर रही है। गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।

अन्य समाचार