विवाहिता की हत्या: पिता का आरोप- ​दहेज में नहीं मिला फर्नीचर तो दबा दिया बेटी का गला, सास-ससुर और पति पर FIR



जागरण संवाददाता, चनपटिया/कुमारबाग: पश्चिमी चंपारण के पिपरा गांव के वार्ड नंबर-5 में शुक्रवार की रात एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या कर दी गई। फिर शव को घर में छोड़कर पूरा परिवार फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक महिला के परिवार वालों का आरोप है कि शादी में फर्नीचर नहीं देने के चलते उनकी बेटी को मार डाला।
मृतक विवाहिता के पिता खूटिया विशम्भरपुर इंदु गांव निवासी राजेश्वर साह ने हत्या की प्राथमिकी थाने में दर्ज कराई है। राजेश्वर साह की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, 30 साल की बेटी सुशीला देवी की शादी 2014 में चनपटिया थाना क्षेत्र के पिपरा निवासी किशोर साह के पुत्र मनोज साह से हुई थी। शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था। इधर, सुशीला देवी के ससुराल वाले फर्नीचर की मांग करने लगे थे। विवाहिता के पिता ने फर्नीचर बनवाया तो दामाद मनोज साह ने कहा कि उन्हें बनवाया हुआ नहीं, ​बल्कि रेडीमेड फर्नीचर चाहिए।

इसके बाद से लगातार सुशीला देवी पर फर्नीचर के लिए दबाव बनाया जाने लगा और उसे प्रताड़ना मिलने लगी। इधर शुक्रवार की रात उसके ससुराल वालों ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में मृतका के पति मनोज साह, ससुर किशोरी साह व सास को नामजद किया है।
मृतका के पिता ने बताया कि शुक्रवार की देर शाम में उनके दामाद मनोज ने फोन कर बताया कि सुशीला की तबीयत खराब है। उसे अस्पताल ले जाने की बात कही। इस पर शंका हुई और जब वे पिपरा गांव पहुंचे तो टेंपो पर सुशीला का शव मिला। उसके गले पर लाल रंग के निशान पड़े थे। थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
व्यवसायी से मांगी एक करोड़ की रंगदारी: 2 दिन के भीतर नहीं मिले पैसे तो बेटे को मार देंगे गोली, बदमाश गिरफ्तार यह भी पढ़ें


अन्य समाचार