Buxer: बच्चे को छोड़ घर के बाहर थे सभी लोग, भीषण आग में लव कुश की जिंदा जलकर मौत; परिवार में कोहराम



धनसोई (बक्सर), संवाद सहयोगी। बक्सर के धनसोई थाना क्षेत्र के करमा गांव में मंगलवार की सुबह एक घर में आग लगने से चार साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत हो गई। मृतक की पहचान नथुनी ठाकुर के चार वर्षीय पुत्र लवकुश के रूप में हुई है। वहीं, झोपड़ी में रखा सारा सामान भी आग में जलकर राख हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घर के सभी सदस्य गेहूं काटने गए हुए थे। इसी दौरान घर की छत पर बनी झोपड़ी में आग लग गयी। बताया जाता है कि इस झोपड़ी के ऊपर से बिजली का तार गुजरता है। ग्रामीणों का कहना है कि शार्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है।

आग की लपटें देखकर अगल-बगल के लोगों ने शोर मचाना शुरू किया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उसपर काबू पाना संभव नहीं दिख रहा था। किसी तरह ग्रामीणों द्वारा आग बुझाने का काफी प्रयास किया गया। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक मासूम की आग में झुलसने से मौत हो गई।
घरवालों ने बताया कि उक्त बालक उसी झोपड़ी में सोया हुआ था। वहीं झोपड़ी में रखा सभी सामान जलकर नष्ट हो गया है। सीओ सोहन राम ने बताया कि राजस्व कर्मचारी को भेज कर जांच कराई जा रही है। पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

अन्य समाचार